Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर।
दिल्ली में प्रतिकूल मौसम की चेतावनी के चलते गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली और दिल्ली से आने वाली उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है। रविवार को स्पाइसजेट और इंडिगो की एक-एक उड़ान को निरस्त कर दिया गया।
इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-5105, जो 29 दिसंबर को पूर्वाह्न 12:10 बजे गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली थी, मौसम खराब होने के पूर्वानुमान के कारण निरस्त कर दी गई। इस उड़ान में कुल 122 यात्री आरक्षित थे, जिन्हें समय रहते उड़ान निरस्तीकरण की सूचना दे दी गई।
इसी प्रकार स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी-958, जो गोरखपुर से दिल्ली के लिए निर्धारित थी, उसे भी 29 दिसंबर को खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया। दोनों ही विमान सेवाओं ने यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था और धनवापसी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई है।
हवाई अड्डा प्रशासन के अनुसार दिल्ली में घने कोहरे और खराब दृश्यता के कारण उड़ानों के संचालन में एहतियात बरती जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पूर्व संबंधित विमान सेवा से उड़ान की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।



















