Estimated reading time: 1 minute
लखनऊ। निषाद दल के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों व प्रभारियों की संगठन समीक्षा बैठक 14 और 15 फरवरी को प्रादेशिक कार्यालय विक्रमादित्य मार्ग में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगी। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में संगठन विस्तार, दायित्व निर्धारण तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार होगा।
दल नेतृत्व ने विभिन्न पदाधिकारियों को पूर्व पदों के साथ नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी तथा विधानसभा अध्यक्ष पदों पर मनोनयन किया है। निर्देश दिए गए हैं कि सभी पदाधिकारी अनुशासन में रहकर निर्धारित समयावधि में सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक के संबंध में जारी संदेश में कहा गया है कि समाज के अधिकारों, विशेषकर मछुआ समुदाय के आरक्षण संबंधी विषयों को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक गांव में शिक्षित लोगों की टोली बनाकर सामाजिक गणना, संगठन विस्तार और जनसंपर्क कार्य किए जाएंगे। साथ ही जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देकर मांगों के समर्थन में अभियान चलाने पर भी बल दिया गया है।
संगठनात्मक निर्देशों के अनुसार प्रत्येक क्षेत्र में चरणबद्ध ढंग से विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, क्षेत्र प्रभारी तथा ग्राम समिति का गठन किया जाएगा। दल नेतृत्व ने पदाधिकारियों से गांव-गांव संपर्क कर सदस्यता अभियान तेज करने तथा समाज के लोगों को अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया है।











