सही आंकड़ों पर जोर, जनगणना कर्मियों को सतर्कता के निर्देश

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। द्वितीय चरण की जनगणना की तैयारियों के तहत बुधवार को सदर तहसील सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में लखनऊ से आए डिप्टी डायरेक्टर गौरव पांडेय, वैशाली शुक्ला और शैलेंद्र ने जनगणना कर्मियों को सही और सटीक आंकड़े एकत्रित करने के साथ पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसके आंकड़ों के आधार पर सरकार की विभिन्न योजनाएं एवं नीतियां तैयार की जाती हैं। ऐसे में प्रत्येक कर्मचारी घर-घर जाकर पूरी जिम्मेदारी के साथ जानकारी एकत्रित करे। किसी भी प्रकार की त्रुटि, लापरवाही या अधूरी सूचना से बचने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनगणना कर्मियों से कहा गया कि प्रत्येक परिवार का विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करें तथा किसी भी जानकारी को बिना सत्यापन के दर्ज न करें। यदि किसी प्रकार की शंका या समस्या सामने आए तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन लें। अधिकारियों ने डिजिटल माध्यम से डेटा प्रविष्टि और अपलोडिंग की प्रक्रिया के दौरान भी विशेष सावधानी बरतने पर जोर दिया।
डिप्टी डायरेक्टर गौरव पांडेय ने कहा कि सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करें, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर त्रुटिरहित ढंग से पूरा हो सके। वैशाली शुक्ला और शैलेंद्र ने भी फील्ड में आने वाली संभावित चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान जनगणना कर्मियों ने अपने अनुभव और सुझाव भी साझा किए। अधिकारियों ने समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन देते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया। बैठक में तहसील के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनगणना कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply