Estimated reading time: 1 minute
81वें पदस्थापना समारोह में बसु देव गोल्यान का सम्मान, भारत-नेपाल की संयुक्त सेवा परियोजनाओं पर जोर
गोरखपुर। रोटरी क्लब गोरखपुर के 81वें पदस्थापना समारोह में रविवार को नई कार्यकारिणी ने औपचारिक रूप से दायित्व संभाल लिया। समारोह में प्रवीर आर्य ने अध्यक्ष और शुभेंदु श्रीवास्तव ने सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर रोटरी इंटरनेशनल के निर्वाचित निदेशक बसु देव गोल्यान का भव्य अभिनंदन किया गया। समारोह में भारत और नेपाल के रोटरी क्लबों के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, जल एवं स्वच्छता तथा सामुदायिक विकास से जुड़ी संयुक्त सेवा परियोजनाएं संचालित करने का संकल्प लिया गया।

द शिप्रा ग्रैंड में आयोजित समारोह का शुभारंभ शंखध्वनि, भारत और नेपाल के राष्ट्रगान तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि बसु देव गोल्यान, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव समेत विभिन्न राज्यों और नेपाल से आए रोटरी पदाधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।
मुख्य अतिथि बसु देव गोल्यान ने कहा कि सेवा की कोई भौगोलिक सीमा नहीं होती और समाज की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप दीर्घकालिक परियोजनाएं ही स्थायी परिवर्तन ला सकती हैं। उन्होंने भारत और नेपाल के रोटरी क्लबों के बीच नियमित संवाद और संयुक्त सेवा अभियानों पर बल दिया। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के समन्वय से शहर की समस्याओं का बेहतर समाधान संभव है। उन्होंने नई कार्यकारिणी से स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और पर्यावरण के क्षेत्र में जनहित की योजनाएं संचालित करने का आह्वान किया।
समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष सतीश राय ने प्रवीर आर्य को क्लब का कॉलर और अधिकार सौंपकर अध्यक्ष पद का दायित्व हस्तांतरित किया। वहीं संचित श्रीवास्तव ने शुभेंदु श्रीवास्तव को सचिव पद का कार्यभार सौंपा। नई कार्यकारिणी को पद एवं सेवा की शपथ भी दिलाई गई।
अध्यक्ष पद संभालने के बाद प्रवीर आर्य ने कहा कि नए सत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, जल एवं स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण और युवा नेतृत्व को प्राथमिकता दी जाएगी। सचिव शुभेंदु श्रीवास्तव ने पारदर्शिता, अनुशासन और सदस्यता विस्तार के साथ क्लब की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस दौरान संपादक आशुतोष मिश्रा के निर्देशन में तैयार की गई क्लब की मासिक पत्रिका ‘लिगेसी सिंस 1946’ का विमोचन किया गया। साथ ही राकेश सोनी, रामपाल सिंह, डॉ. दिनेश सिंह सारथी, अशोक कुमार सर्राफ और पुरुषोत्तम रामरायका को पॉल हैरिस फेलो सम्मान से अलंकृत किया गया।
समारोह में पूर्व मंडलाध्यक्ष अनूप अग्रवाल, मंडलाध्यक्ष नामित मंकेश्वर नाथ पांडेय, सहायक मंडलाध्यक्ष प्रियंका श्रीवास्तव, डॉ. आशुतोष अग्रवाल, वीएन सिंह, सुनील बंसल, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन और अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आलोक अग्रवाल और दिव्यांशी श्रीवास्तव ने किया, जबकि सचिव शुभेंदु श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया।

