पिपराइच में विकास को मिली रफ्तार, विधायक महेंद्र पाल सिंह ने दो सीसी सड़कों का किया लोकार्पण

Estimated reading time: 1 minute

विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि से बनरही और हेमछापर में बनीं सड़कें, ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन में सुविधा

गोरखपुर। पिपराइच विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति देते हुए विधायक महेंद्र पाल सिंह ने मंगलवार को ग्रामसभा बनरही और हेमछापर में निर्मित दो सीसी सड़कों का लोकार्पण किया। विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि वर्ष 2025-26 से बनी इन सड़कों के शुरू होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
ग्रामसभा बनरही में कन्हैया के घर से नहर तक 4.21 लाख रुपये की लागत से 135 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण कराया गया है। वहीं, ग्रामसभा हेमछापर में नहर पुलिया से विजय बहादुर के घर तक 12.685 लाख रुपये की लागत से 270 मीटर लंबी सीसी सड़क बनाई गई है।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों में सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर लगातार काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। बेहतर संपर्क मार्गों से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
इस अवसर पर पिपराइच ब्लॉक प्रमुख जनार्दन जायसवाल, नगर पंचायत पिपराइच के चेयरमैन संजय मद्धेशिया, पूर्व ब्लॉक प्रमुख आनंद शाही, पूर्व जिला मंत्री नरेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply