बसपा ने गोरखपुर संगठन में फिर किया बदलाव, ऋषि कपूर को दोबारा सौंपी जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी ने गोरखपुर जिला संगठन में एक बार फिर बड़ा बदलाव किया है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पूर्व जिलाध्यक्ष ऋषि कपूर को पुनः गोरखपुर का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। पिछले एक वर्ष में जिले में यह चौथा संगठनात्मक बदलाव माना जा रहा है, जिससे पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ऋषि कपूर गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता रहे हैं। वह इससे पहले भी जिलाध्यक्ष के साथ-साथ विभिन्न मंडलों के मुख्य मंडल समन्वयक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनके पूर्व कार्यकाल में संगठन के विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और पार्टी के जनाधार को मजबूत करने का दावा किया जाता रहा है। इसी अनुभव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ऋषि कपूर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री मायावती ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वह उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि गोरखपुर जिले की सभी विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार करना उनकी प्राथमिकता होगी।
विधानसभा चुनाव से पहले बसपा लगातार संगठन में फेरबदल कर रही है। ऐसे में गोरखपुर जैसे महत्वपूर्ण जिले में ऋषि कपूर की वापसी को पार्टी की चुनावी तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि नया जिला नेतृत्व संगठन को कितनी मजबूती दे पाता है और चुनावी मैदान में इसका कितना असर दिखाई देता है।

Leave a Reply