Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को पिपराइच नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। रामलीला मैदान से माईजी कुटी तक विधायक महेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राओं, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की।
यात्रा जैसे-जैसे नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने लोगों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम की भावना को और मजबूत किया।

विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्र का ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और जिम्मेदारी से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में योगदान देने का आह्वान किया।
यात्रा में नगर पंचायत पिपराइच के चेयरमैन संजय मद्धेशिया, ब्लॉक प्रमुख जनार्दन जायसवाल, मंडल अध्यक्ष अनिल मद्धेशिया, सांसद प्रवक्ता वीरेंद्र पाठक, पूर्व जिला मंत्री नरेंद्र सिंह, पिछड़ा मोर्चा जिला महामंत्री अशोक निषाद, संघर्षमणि त्रिपाठी, अरुण जायसवाल, सुभाष भारती, आशीष अग्रवाल, सुरेंद्र मद्धेशिया, दिनेश गुप्ता, सुनीता गुप्ता, सुधा गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

