Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। सांसद रवि किशन ने बुधवार को संसद भवन स्थित कार्यालय में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों के बीच गोरखपुर के विकास, सहकारिता क्षेत्र में केंद्र सरकार की पहल और युवाओं की आकांक्षाओं समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। सांसद ने केंद्रीय मंत्री से मार्गदर्शन और आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
सांसद रवि किशन ने सहकारिता के क्षेत्र में केंद्र सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के लिए गोरखपुर की जनता की ओर से अमित शाह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सहकारिता को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार की पहल का लाभ किसानों, ग्रामीणों और आमजन तक पहुंच रहा है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही लोगों को आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिल रहे हैं।
मुलाकात के दौरान नई पीढ़ी और विशेषकर Gen Z की बदलती आकांक्षाओं पर भी चर्चा हुई। युवाओं के लिए रोजगार, अवसरों के विस्तार और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया गया। गोरखपुर में युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने और क्षेत्र के विकास को गति देने से जुड़े विषय भी चर्चा में रहे।
चुनावी तैयारियों पर भी मिला मार्गदर्शन
सांसद रवि किशन ने बताया कि आगामी चुनाव को लेकर भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि गोरखपुर की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और युवाओं समेत सभी वर्गों के हितों के लिए वह निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। गोरखपुर को भी विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

