मानदेय और कैशलेस इलाज से बढ़ा रसोइयों का सम्मान : स्वतंत्र देव सिंह

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयां केवल अपने काम का निर्वहन नहीं कर रहीं, बल्कि सेवा का पवित्र कार्य कर रही हैं। प्रदेश सरकार उनके श्रम और योगदान का सम्मान करते हुए मानदेय बढ़ाने के साथ उनके परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा भी सुनिश्चित कर रही है। यह बातें जल शक्ति मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को हर्ष वाटिका, तारामंडल में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित रसोइया सम्मान समारोह में कहीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने रसोइयों का मानदेय बढ़ाकर तीन हजार रुपये किया है। इसके साथ ही उन्हें और उनके परिवार को मुफ्त व कैशलेस इलाज की सुविधा के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे रसोइयों को आर्थिक राहत के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा भी मिला है।
समारोह में प्रभारी मंत्री ने गोरखपुर की 10 रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से तीन-तीन हजार रुपये मानदेय के चेक और कैशलेस स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इससे पूर्व लखनऊ में आयोजित राज्यस्तरीय रसोइया सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जिलों की रसोइयों को मानदेय के चेक और स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड प्रदान किए।
सम्मानित रसोइयों ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मानदेय में वृद्धि और कैशलेस इलाज की सुविधा से उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मत्स्य मंत्री डा. संजय निषाद, विधान परिषद सदस्य डा. धर्मेंद्र सिंह, महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव, पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह, विधायक विपिन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता, जिलाधिकारी दीपक मीणा, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक संगीता सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

रसोइयों के सम्मान और कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : सरवन निषाद
चौरी चौरा। विधायक ई. सरवन निषाद ने कहा कि वर्तमान सरकार रसोइयों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार ने रसोइयों को दो लाख रुपये तक का बीमा कवर और पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई है। साथ ही साड़ी के लिए धनराशि बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दी गई है और मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई है।

विधायक रविवार को सरदारनगर बीआरसी पर पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में रसोइयों को अपेक्षित सम्मान और सुविधाएं नहीं मिलती थीं। कैशलेस चिकित्सा कार्ड मिलने से रसोइयों और उनके परिवारों को इलाज के समय बड़ी राहत मिलेगी।
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सरदारनगर बीआरसी पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में रसोइयों में सरकार की पहल को लेकर उत्साह दिखा।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार, राजकुमार गुप्ता, ज्योति प्रकाश गुप्ता, आलोक पटवा, अमित जायसवाल, संजय जायसवाल, ग्राम प्रधान दिलीप यादव, रामदयागर निषाद, अभिषेक निषाद सहित शिक्षक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में रसोइये मौजूद रहे।

Leave a Reply