Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। पिपराइच विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़कों को बेहतर बनाने की दिशा में विकास कार्य जारी हैं। बुधवार को विधायक महेंद्र पाल सिंह ने विभिन्न ग्रामसभाओं में नवनिर्मित तीन सीसी सड़कों का लोकार्पण किया। कुल 548 मीटर लंबी इन सीसी सड़कों के निर्माण पर 23.59 लाख रुपये खर्च हुए हैं। नई सड़कों से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विधायक ने ग्रामसभा ठाकुरपुर नंबर-1 के ढोढे टोला में पक्की सड़क से शिव प्रसाद के घर तक बनी 200 मीटर लंबी सीसी सड़क का लोकार्पण किया। इसके निर्माण पर 8.33 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इसी ग्रामसभा के टोला गढ़हिया में रामकृपाल के घर से अख्तर के घर तक बनी 263 मीटर लंबी सीसी सड़क का भी लोकार्पण किया गया। इस सड़क पर 11.26 लाख रुपये की लागत आई है।
इसके अलावा ग्रामसभा मंगलपुर के टोला बड़ी कोइलहिया में मुख्य सड़क से विजय गौड़ के घर तक बनी 85 मीटर लंबी सीसी सड़क का लोकार्पण हुआ। इसके निर्माण पर चार लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
इस अवसर पर विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। गांवों में सड़क, नाली और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
लोकार्पण कार्यक्रम में विकास खंड भरोहिया के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि संजय सिंह, मंडल अध्यक्ष रामनरेश निषाद, ग्राम प्रधान रमेश चंद प्रजापति, श्रीराम पांडेय, दिनेश जायसवाल, कन्हैया गुप्ता, राजाराम, दीनानाथ यादव, उमेश गुप्ता, विशाल यादव और गणेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार जताया।
