Estimated reading time: 1 minute
अंकित ने सचिव पद की जिम्मेदारी संभाली, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण क्षेत्र में सेवा कार्यों के विस्तार का संकल्प
गोरखपुर। रोटरी क्लब गोरखपुर की युवा इकाई रोटरेक्ट क्लब गोरखपुर की नई कार्यकारिणी ने पद एवं दायित्व की शपथ लेकर कार्यभार संभाल लिया। सिविल लाइंस स्थित निपाल लॉज के सभागार में क्लब का 11वां शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्वेता गौर और सचिव अंकित के नेतृत्व में नई टीम ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
निवर्तमान अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने श्वेता गौर को अध्यक्षीय कॉलर पहनाकर क्लब की कमान सौंपी। श्वेता गौर ने कहा कि सदस्यों के सहयोग से सेवा गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा और अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचने का प्रयास रहेगा।
युवाओं को सेवा से जोड़ने पर जोर
समारोह के मुख्य अतिथि रो. मंकेश्वर नाथ पांडेय ने कहा कि रोटरेक्ट युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सामूहिक कार्य की भावना विकसित करने वाला मंच है। युवाओं की ऊर्जा को सेवा कार्यों से जोड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
विशिष्ट अतिथि रो. प्रियंका श्रीवास्तव ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं से सेवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।
क्लब के संस्थापक अध्यक्ष हर्ष श्रीवास्तव और सचिव अंकित मिश्र ने संस्था की दस वर्षों की यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सेवा के उद्देश्य से शुरू हुई संस्था ने एक दशक में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है।
पूर्व सचिव सौरभ राज ने पिछले सत्र की प्रमुख सेवा परियोजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। नवनियुक्त सचिव अंकित ने आगामी सत्र की कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम प्राथमिकता में रहेंगे।
बच्चों को स्टेशनरी वितरित
शपथ ग्रहण समारोह के बाद विद्यालय के बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। नई कार्यकारिणी ने सेवा गतिविधि के साथ अपने कार्यकाल की शुरुआत की।
कार्यक्रम के आयोजक नीरज अस्थाना ने आभार व्यक्त किया। संचालन रो. उज्जवल पाण्डेय ने किया।
इस अवसर पर रोटरेक्ट चेयरमैन सुधांशु चंद्रा, रोटरी क्लब गोरखपुर के सचिव शुभेन्द्रु श्रीवास्तव, रो. अतुल पटेल, रो. सुमीर गोयल, रो. प्रीति श्रीवास्तव, रो. अनुराधा श्रीवास्तव, रो. कन्हैया मिश्रा, रो. अनुराग, रो. हृदय और रो. सौरभ सहित विभिन्न क्लबों के सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट: आशुतोष मिश्र, चाय पंचायत
———




