Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर के होटल में जन्मदिन पार्टी के बाद सड़क पर हुआ हंगामा, आठ एम्स छात्रों का शांतिभंग में चालान
गोरखपुर। एम्स गोरखपुर के छात्रों के बीच जन्मदिन पार्टी के बाद विवाद का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात शहर के एक होटल में पार्टी के बाद छात्रों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर सड़क पर हंगामा और मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी छात्रों के उलझने की बात सामने आई है। कैंट पुलिस ने आठ छात्रों को हिरासत में लेकर शांतिभंग की आशंका में चालान किया। बाद में सभी को सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय से जमानत मिल गई।
पुलिस के अनुसार, एम्स गोरखपुर के करीब 12 एमबीबीएस छात्र जन्मदिन की पार्टी के लिए सागर श्री होटल पहुंचे थे। पार्टी समाप्त होने के बाद छात्र बाहर निकले तो किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे सिपाहियों से भी हाथापाई
बताया गया कि रात करीब डेढ़ बजे कैंट थाने के दो सिपाही वहां से गुजर रहे थे। छात्रों को आपस में विवाद करते देखकर उन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि दोनों सिपाही सादे कपड़ों में थे, इसलिए छात्रों ने उन्हें बाहरी व्यक्ति समझ लिया और उनसे भी हाथापाई कर दी।
घटना की जानकारी पैडलेगंज पुलिस चौकी को दी गई। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रित हुई। पुलिस आठ छात्रों को कैंट थाने ले गई। पूछताछ के बाद सभी के विरुद्ध शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की गई।
एम्स प्रशासन ने भी लिया संज्ञान
घटना की जानकारी एम्स प्रशासन को भी दी गई है। संबंधित छात्र एमबीबीएस के वर्ष 2021 और 2022 बैच के बताए जा रहे हैं। एम्स की कार्यकारी निदेशक डा. विभा दत्ता नेबताया कि मामले की जानकारी डीन स्टूडेंट वेलफेयर डा. शिखा सेठ को दे दी गई है। जांच के बाद संबंधित छात्रों को नोटिस जारी किया जाएगा और संस्थान के नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीओ कैंट कीर्ति निधि आनंद के अनुसार, होटल में पार्टी के बाद छात्रों के बीच विवाद हुआ था। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी छात्रों के उलझने की सूचना मिली। आठ छात्रों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया था।



