Estimated reading time: 1 minute
8.05 करोड़ रुपये से बने राजकीय महिला शरणालय में 100 महिलाओं के रहने की व्यवस्था, 14.87 करोड़ की लागत से बन रहा किशोर संप्रेक्षण गृह
@राम प्रताप विश्वकर्मा, चाय पंचायत
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 23 सितंबर को गोरखपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह चरगांवा में नवनिर्मित राजकीय महिला शरणालय भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण भी करेंगे। मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में भी सम्मिलित होंगे।
8.05 करोड़ की लागत से बना महिला शरणालय
चरगांवा में कृषि विभाग के बीज गोदाम के समीप 8 करोड़ पांच लाख 42 हजार रुपये की लागत से राजकीय महिला शरणालय के नए भवन का निर्माण कराया गया है। भवन में एक साथ 100 महिलाओं के रहने की क्षमता है। यहां आवासीय सुविधा के साथ महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सहायक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
भवन में 10 डारमेट्री कक्ष, चार अध्ययन कक्ष, रोगी कक्ष, क्रेच कक्ष, भोजन कक्ष, रसोई, भंडार कक्ष, शौचालय और स्नानघर बनाए गए हैं। प्रशासनिक एवं संचालन संबंधी कार्यों के लिए कार्यशाला, वार्डन कक्ष और कार्यालय की व्यवस्था की गई है। महिलाओं के अध्ययन एवं ज्ञानवर्धन के लिए पुस्तकालय भी बनाया गया है।
संकटग्रस्त महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित आश्रय
राजकीय महिला शरणालय महिला कल्याण विभाग के अधीन संचालित संरक्षणात्मक एवं आवासीय संस्था है। इसका उद्देश्य घरेलू हिंसा, पारिवारिक कठिनाइयों, संकटपूर्ण परिस्थितियों, भटकाव अथवा अन्य सामाजिक कारणों से प्रभावित महिलाओं को सुरक्षित आश्रय, संरक्षण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
14.87 करोड़ से बन रहा किशोर संप्रेक्षण गृह
महिला शरणालय के लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चरगांवा में ही निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण करेंगे। कृषि विभाग के बीज गोदाम के समीप इसका निर्माण 14 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इसकी क्षमता 100 किशोरों के रहने की होगी। परिसर में किशोर न्याय बोर्ड के लिए अलग ब्लॉक का भी प्रावधान किया गया है। निर्माण कार्य फरवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है।
राजकीय संप्रेक्षण गृह का उद्देश्य कानून का उल्लंघन करने वाले बच्चों को सुरक्षित, संरक्षित, बाल-अनुकूल और सुधारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है। यहां देखरेख में रखे जाने वाले किशोरों की शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोसामाजिक सहयोग, कौशल विकास और पुनर्वास पर भी ध्यान दिया जाएगा।
गोरखनाथ मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। कथा का आयोजन ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज की 57वीं और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
वृंदावन के मलूकपीठाधीश्वर राजेंद्रदास श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा सुनाएंगे। मुख्यमंत्री के गोरखपुर दौरे के दौरान महिला कल्याण और किशोर न्याय से जुड़ी दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के निरीक्षण एवं लोकार्पण के साथ धार्मिक कार्यक्रम में भी उनकी सहभागिता रहेगी।
