Estimated reading time: 1 minute
मतपेटियों की जांच से लेकर मतगणना स्थल की सुरक्षा तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी दीपक मीणा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्वाचन कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्विघ्न चुनाव के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने मतपेटियों और निर्वाचन सामग्री की जांच पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी मतपेटियों की स्थिति, सीलिंग व्यवस्था और निर्वाचन सामग्री का पहले से परीक्षण कर लिया जाए। कहीं कोई कमी मिलने पर तत्काल दूर कराएं, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा मतदान से मतगणना तक सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा।
प्रशिक्षण से लेकर परिवहन तक की समीक्षा
बैठक में मतदान कार्मिकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण, माइक्रो आब्जर्वर तथा सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की समीक्षा की गई। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। मतदान कार्मिकों और निर्वाचन अधिकारियों के आवागमन के लिए रूट चार्ट तैयार करने तथा यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निर्वाचन से संबंधित प्रपत्रों की छपाई, लेखन सामग्री की पैकेटिंग और वितरण की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा गया। मतपत्र एवं डाक मतपत्र की व्यवस्था, पैकेटिंग और वितरण की जिम्मेदारी उप निदेशक कृषि धनंजय सिंह को सौंपी गई है। निर्वाचक नामावली की कार्यप्रति तैयार कराने और उसके वितरण की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश को दी गई है।
मतगणना स्थल पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम
जिलाधिकारी ने नामांकन एवं मतगणना स्थल पर टेंट, ध्वनि-प्रकाश, बैरीकेडिंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने आने-जाने के रास्तों, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक संसाधनों को पहले से व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। वीडियोग्राफी, सीसीटीवी और वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी समय से पूरी करने को कहा, ताकि निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की निगरानी और आवश्यक रिकॉर्डिंग सुनिश्चित हो सके।
आदर्श चुनाव आचार संहिता के पालन, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन डा. वैभव शर्मा को दी गई है। निर्वाचन से संबंधित सूचनाएं प्रेस प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने और प्रेक्षक व्यवस्था के लिए नगर मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
24 घंटे सक्रिय रहेगा नियंत्रण कक्ष
बैठक में नियंत्रण कक्ष के 24 घंटे संचालन, सूचनाओं को अद्यतन रखने और निर्वाचन संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था की समीक्षा की गई। मतदान कार्मिकों की देखरेख और मेडिकल किट की तैयारी के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजेश झा को जिम्मेदारी दी गई है। निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण का कार्य मुख्य कोषाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह देखेंगे।
डीएम ने सभी मतदान केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और शौचालय जैसी न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह सहित संबंधित तहसीलदार, जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मतगणना स्थल पर कंप्यूटर और अन्य तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था के लिए सहायक नगर आयुक्त तपन कुमार मिश्रा तथा खानपान व्यवस्था के लिए जिला पूर्ति अधिकारी अजय कुमार सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डा. वैभव शर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राजेश झा सहित निर्वाचन कार्यों के लिए नामित सभी नोडल, प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।
