Gorakhpur News: एक दिन की SP North बनीं धृति तिवारी और नैन्सी तिवारी, फरियादियों की सुनीं शिकायतें

IMG_20261015_071639

Estimated reading time: 0 minutes

पुलिस की महिला सशक्तीकरण पहल, छात्राओं ने संभाली एसपी नार्थ की जिम्मेदारी; एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने समझाई पुलिस की कार्यप्रणाली

चाय पंचायत, गोरखपुर। गोरखपुर पुलिस ने महिला सशक्तीकरण और छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से अनूठी पहल की। कक्षा 12 की छात्राओं धृति तिवारी और नैन्सी तिवारी को एक दिन के लिए एसपी नार्थ बनाया गया। दोनों ने पुलिस कार्यालय में फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

एसपी नार्थ राजेश गुनावत ने दोनों छात्राओं को पुलिस अधिकारियों के दायित्वों को करीब से समझने का अवसर दिया। जनसुनवाई के दौरान धृति और नैन्सी ने शिकायतों की प्रकृति समझी और पीड़ितों की समस्याओं के प्राथमिकता से निस्तारण पर जोर दिया।

धृति तिवारी ने कहा कि किसी भी पीड़ित को समस्या होने पर तत्काल पुलिस तक अपनी शिकायत पहुंचानी चाहिए, ताकि समय रहते उसका समाधान हो सके।

दोनों छात्राओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली भी समझी। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने उन्हें शिकायतों की सुनवाई, निर्णय लेने की प्रक्रिया और कानून के अनुरूप निष्पक्ष कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फरियादियों की बात गंभीरता से सुनना, तथ्यों के आधार पर निर्णय लेना और पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

धृति तिवारी पिपराइच क्षेत्र और नैन्सी तिवारी पादरी बाजार की निवासी हैं। दोनों जंगल धूषण स्थित एकेडमी ग्लोबल में कक्षा 12 की छात्राएं हैं। धृति के पिता इंजीनियर हैं, जबकि नैन्सी के पिता पुलिस विभाग में सेवारत हैं। दोनों की माताएं गृहिणी हैं।

कार्यक्रम के अंत में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी नार्थ राजेश गुनावत ने दोनों छात्राओं को सम्मानित किया। इस पहल से छात्राओं को जनसुनवाई, निर्णय लेने और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारियों का व्यावहारिक अनुभव मिला।

Leave a Reply