Estimated reading time: 1 minute
28 से 31 अक्टूबर तक पोलो ग्राउंड में आयोजित हो रही द्वितीय महिला हॉकी चैंपियनशिप, कप्तान कुमकुम के नेतृत्व में मैदान में उतरीं खिलाड़ी
गोरखपुर। कश्मीर की वादियों में आयोजित महिला हॉकी चैंपियनशिप में गोरखपुर की बेटियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। श्रीनगर के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड में 28 से 31 अक्टूबर तक आयोजित द्वितीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में अनाया हॉकी एकेडमी, गोरखपुर की टीम भी हिस्सा ले रही है। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
कश्मीर हॉकी एकेडमी फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में अनाया हॉकी एकेडमी की टीम कप्तान कुमकुम के नेतृत्व में मैदान में उतरी है। टीम में रिया, मुस्कान, सानिया कौर, सिंपल और आगरा की गोलकीपर महक सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। करिश्मा पति टीम की प्रशिक्षक और बरेली के शिवम प्रबंधक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
इस पहल में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं कोच रीता मिश्रा की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके प्रयासों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की महिला खिलाड़ियों को हॉकी में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। अनाया हॉकी एकेडमी से 15 से 25 वर्ष और 25 से 55 वर्ष आयुवर्ग की महिला खिलाड़ी जुड़ी हैं। इसमें युवा खिलाड़ियों के साथ अनुभवी महिलाएं भी हॉकी के प्रति अपनी रुचि और सक्रियता दिखा रही हैं।
एकेडमी की टीम में गोरखपुर के साथ आगरा, बरेली सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की खिलाड़ियों की भागीदारी महिला हॉकी को व्यापक मंच देने की पहल को दर्शाती है। श्रीनगर में आयोजित प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को दूसरे क्षेत्रों की टीमों के साथ खेलने, अपना कौशल निखारने और नया अनुभव हासिल करने का अवसर मिल रहा है।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी कोच रीता मिश्रा ने बताया कि गोरखपुर से कश्मीर तक महिला हॉकी का यह सफर केवल प्रतियोगिता में भागीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास, खेल के प्रति समर्पण और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का प्रयास भी है।
