संसद से सड़क तक जनता भाजपा-एनडीए के साथ, 2027 में सपा का सफाया तय: नितिन नबीन

HWR1kDDboAAgQzu

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की अगुवाई की, कांग्रेस पर साधा निशाना; बोले- मृतक, गायब और घुसपैठियों के सहारे चुनाव लड़ना चाहती है कांग्रेस

गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि देश की जनता संसद से लेकर सड़क तक भाजपा और एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी है। लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत देशभर में निकाली जा रही 100 से अधिक पदयात्राओं में जनता की भागीदारी ने विपक्ष की हताशा उजागर कर दी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि क्या पार्टी मृतकों, गायब और घुसपैठियों के सहारे चुनाव लड़ना चाहती है? उन्होंने कहा कि जब चुनाव आयोग ने ईवीएम पर खुली चुनौती दी थी, तब राहुल गांधी मैदान छोड़कर भाग गए थे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बुधवार को गोरखपुर में महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से गोलघर स्थित काली मंदिर के सामने लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा तक निकाली गई ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की अगुवाई करने से पहले जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मंत्री, पार्टी पदाधिकारी और एनडीए के सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहे।

नितिन नबीन ने कहा कि देशभर में एनडीए की पदयात्राओं से जनता सीधे जुड़ रही है। विपक्ष रामलीला मैदान में अपने दावों के अनुरूप 10 प्रतिशत जनसमर्थन भी नहीं जुटा सका, जबकि एनडीए हर जनपद और कस्बे में पदयात्रा के माध्यम से जनता के बीच पहुंच रहा है।

मतदाता सूची के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम काटे जाने के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इनमें ढाई करोड़ से अधिक मृतक, छह करोड़ से अधिक स्थानांतरित मतदाता और तीन करोड़ से अधिक ऐसे लोग शामिल हैं, जिनका वैध सत्यापन नहीं हो सका। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस आखिर किन लोगों के सहारे चुनाव लड़ना चाहती है?

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जब चुनाव आयोग ने ईवीएम पर खुली चुनौती दी थी, तब वह सामने नहीं आए। राहुल गांधी की सफल लॉन्चिंग इसलिए भी संभव नहीं है, क्योंकि जिस पार्टी को लॉन्चिंग पैड बनाया गया है, उसकी हालत भी ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव में विपक्ष जीतता है, वहां राहुल गांधी लोकतंत्र की जीत बताते हैं और हारने पर लोकतंत्र को खतरे में बताने लगते हैं।

कांग्रेस ने संविधान के पन्नों को तार-तार किया

संविधान की प्रति लेकर चलने वाले कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए नितिन नबीन ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव संविधान के पन्नों को तार-तार किया है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित किए जाने के बाद संस्थाओं का किस तरह दुरुपयोग किया गया, यह देश भूला नहीं है। उन्होंने बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर के अपमान और उन्हें चुनाव हराने के षड्यंत्र का भी उल्लेख किया।

अब बीमारू नहीं, उत्तम प्रदेश बना उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर उत्तम और विकसित प्रदेश बना है। तीन दशक से बंद खाद कारखाना फिर शुरू हुआ। गोरखपुर औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरा और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान सहित नए शिक्षण संस्थान स्थापित हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लाखों सरकारी नौकरियां पारदर्शी तरीके से दी गई हैं।

2027 में भाजपा-एनडीए की जीत का दावा

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए नितिन नबीन ने कहा कि पंचर साइकिल एक्सप्रेसवे पर नहीं दौड़ सकती। जनता के मन में कोई भ्रम नहीं है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए की प्रचंड जीत और समाजवादी पार्टी का सफाया तय है। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता का भरोसा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सेवाभाव एवं पुरुषार्थ पर है।

Leave a Reply