Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर में भाजपा की पदयात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- चुनाव हारने पर ईवीएम और निर्वाचन आयोग को दोष देना इंडी गठबंधन की आदत
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए राहुल गांधी को फुस्स रॉकेट बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बारूद खत्म हो चुका है, अब केवल धुआं बचा है। कांग्रेस चाहे जितनी बार उन्हें राजनीतिक रूप से लॉन्च करने का प्रयास कर ले, अब वह लॉन्च नहीं होने वाले। कांग्रेस, सपा और पूरा इंडी गठबंधन देश की विकास और आत्मनिर्भरता की यात्रा में बाधा डाल रहा है। दिल्ली में अराजकता फैलाकर लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री बुधवार को गोरखपुर के महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अगुवाई में निकलने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन के गोरखपुर आगमन पर उनका स्वागत किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता चुनाव जीतते हैं तो उसे अपना पुरुषार्थ बताते हैं, लेकिन जनता उन्हें नकार देती है तो हार का ठीकरा ईवीएम और निर्वाचन आयोग पर फोड़ते हैं। यह उनकी राजनीतिक प्रवृत्ति बन गई है। उन्होंने कहा कि एसआइआर पहली बार नहीं हो रहा है। देश में अलग-अलग समय पर, यहां तक कि कांग्रेस के शासनकाल में भी मतदाता सूची का पुनरीक्षण हुआ है। तब कांग्रेस इसका समर्थन करती थी, लेकिन आज बांग्लादेशी घुसपैठियों, पाकिस्तानियों और मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए निर्वाचन आयोग अभियान चला रहा है तो विपक्ष हाय-तौबा मचा रहा है।
घुसपैठियों के नाम पर गरीबों का अधिकार छिनने का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के सहयोगियों को देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। जब कोई बांग्लादेशी घुसपैठिया या पाकिस्तानी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराता है तो वह भारत के गरीब, दलित और वंचित का अधिकार छीनता है। विपक्ष का उद्देश्य लोकतंत्र को समृद्ध करना नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं को जनता की नजरों में अविश्वसनीय बनाना है। जिन संस्थाओं के बल पर देश का लोकतंत्र टिका है, उन्हें कमजोर करने की साजिश स्वीकार नहीं की जा सकती।
उन्होंने कांग्रेस के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र पर उपदेश देने वाली कांग्रेस ने ही वर्ष 1975 में देश में आपातकाल लगाया था। कांग्रेस को इसके लिए देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। एक नवंबर 1984 को दिल्ली में निर्दोष सिखों का कत्लेआम हुआ था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब देश उन सिख परिवारों के जख्मों को याद कर रहा था, तब कांग्रेस के लोग दिल्ली में प्रदर्शन और जश्न के माध्यम से उनके जख्मों पर नमक छिड़क रहे थे।
लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता बदलाव करती है
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के बबुआ को समझना चाहिए कि लोकतंत्र में बदला नहीं होता, बल्कि जनता बदलाव करती है। वर्ष 2014 में देश और 2017 में प्रदेश में जनता ने बदलाव किया था। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अकेले 255 सीटें जीती थीं, जो सपा और कांग्रेस को मिली कुल सीटों से अधिक थीं। सत्ता किसे सौंपनी है, इसका निर्णय जनता करती है।
राहुल गांधी की राजनीतिक यात्रा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्ष 2004 में उन्हें सांसद, 2007 में महासचिव, 2013 में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 2017 में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया। इसके बाद भी वर्ष 2019 में वह अमेठी से चुनाव हार गए। भारत जोड़ो यात्रा, न्याय यात्रा और अधिकार यात्रा से भी उनकी राजनीतिक स्थिति नहीं बदली। राहुल गांधी 56 वर्ष के हो गए हैं, लेकिन कांग्रेस के लिए अब भी युवा हैं। अब यह युवा कभी लॉन्च नहीं होने वाला।
हार के बाद बहाने बनाता है विपक्ष
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव की तुलना बार-बार परीक्षा में असफल होने वाले ऐसे छात्र से की, जो कभी कापी गायब होने, कभी प्रश्नपत्र पाठ्यक्रम से बाहर होने और कभी पेन की स्याही खत्म होने का बहाना बनाता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव जीतने पर अपनी उपलब्धि बताता है और हारने पर ईवीएम तथा निर्वाचन आयोग को दोषी ठहराता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में 44, वर्ष 2019 में 52 और वर्ष 2024 में 99 सीटें मिलीं। तीनों चुनावों में कांग्रेस को कुल 195 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा ने अकेले वर्ष 2024 में 240 सीटें जीतीं। बिहार, हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों के बावजूद कांग्रेस आत्ममंथन करने को तैयार नहीं है।
सपा सरकारों में 1500 से अधिक दंगों का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। कुछ लोग देश को बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसा बनाने की धमकी दे रहे हैं, लेकिन नया भारत अराजकता स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले सपा की चार सरकारों में 1500 से अधिक दंगे हुए। पर्व-त्योहारों से पहले कर्फ्यू लगना आम बात थी। बेटियां और व्यापारी असुरक्षित थे। आज उत्तर प्रदेश सुरक्षा और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भाजपा की पदयात्रा लोकतंत्र को सशक्त बनाने और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का अभियान है।
गांव-गांव जाकर विपक्ष के दुष्प्रचार का देंगे जवाब: पंकज चौधरी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन अराजकता फैलाकर आमजन को गुमराह कर रहा है। एक तरफ विपक्ष अराजकता फैलाने में जुटा है तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। आज भारत की बात पूरी दुनिया सुनती है और उस पर अमल भी करती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व बदलाव हुआ है। वर्ष 2017 से पहले लोग उत्तर प्रदेश आने से कतराते थे, जबकि आज प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। विपक्ष के दुष्प्रचार का गांव-गांव जाकर मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा विपक्ष: संजय निषाद
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि विपक्षी दल विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करते हुए देश को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं। जनता को ऐसे अराजक तत्वों से सावधान रहने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी तथा गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने भी विचार व्यक्त किए।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, एके शर्मा, दारा सिंह चौहान, अनिल कुमार, दयाशंकर सिंह, विजयलक्ष्मी गौतम और दानिश आजाद अंसारी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप वर्मा, राष्ट्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सदस्य संगीता यादव, अपना दल विधानमंडल दल के नेता रामनिवास वर्मा और सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।
