Estimated reading time: 1 minute
धनतेरस-दीपावली पर तीन दिन बदली रहेगी गोरखपुर की यातायात व्यवस्था, सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंध
छह से आठ नवंबर तक शहर के प्रमुख बाजारों में लोडर, आटो और ई-रिक्शा के प्रवेश पर रोक; खरीदारी के लिए पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
गोरखपुर। धनतेरस और दीपावली पर्व पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने महानगर क्षेत्र में तीन दिनों के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। छह, सात और आठ नवंबर को सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान लोडर, आटो और ई-रिक्शा के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। वहीं, भारी वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
1\. काली मंदिर से गोलघर की तरफ लोडर, आटो और ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
2\. कचहरी चौराहा से गणेश चौराहा, जीएम पोस्ट ऑफिस तिराहा से गणेश चौराहा और तमकुही तिराहा से कचहरी चौराहा की ओर आटो व ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे।
3\. शास्त्री चौराहा से कचहरी चौराहा की तरफ आटो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।
4\. घोष कंपनी चौराहा होकर रेती चौराहा जाने तथा घोष कंपनी से नक्खास चौराहा जाने वाले आटो और ई-रिक्शा पर रोक रहेगी।
5\. नार्मल टैक्सी स्टैंड से घंटाघर मार्ग पर सभी प्रकार के लोडर, आटो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।
6\. अलहदादपुर तिराहे से रायगंज होते हुए घंटाघर की तरफ लोडर, आटो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे।
7\. दुर्गाबाड़ी चौराहा से चरनलाल चौराहा की तरफ सभी प्रकार के लोडर, आटो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।
8\. सुमेर सागर तिराहा से विजय चौराहा और जटाशंकर तिराहा से अलीनगर चौराहा तक सभी प्रकार के लोडर, आटो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।
9\. बरफखाना तिराहा से बसंतपुर चौराहा, घंटाघर चौराहा और लालडिग्गी तक के मार्ग पर लोडर, आटो और ई-रिक्शा का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
10\. मदीना मस्जिद तिराहा से शाह मारूफ के रास्ते सभी प्रकार के लोडर, आटो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।
भारी वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग
रोडवेज बस, आयल टैंकर, गैस टैंकर, दुग्ध वाहन और अन्य राजकीय वाहन विश्वविद्यालय चौराहा, मोहद्दीपुर चौराहा होते हुए चारफाटक ओवरब्रिज से कौवाबाग बाईपास मार्ग पर जाएंगे। वहां से असुरन चौराहा, खजांची चौराहा और स्पोर्ट्स कॉलेज चौराहा होते हुए बरगदवा चौराहा के रास्ते फरेंदा-सोनौली की तरफ जा सकेंगे।
वहीं, फरेंदा और पीपीगंज से गोरखनाथ मंदिर की तरफ आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन बरगदवा चौराहा से स्पोर्ट्स कॉलेज, खजांची चौराहा, असुरन चौराहा, कौवाबाग मार्ग, चारफाटक ओवरब्रिज और मोहद्दीपुर होते हुए देवरिया व कुशीनगर की तरफ जाएंगे।
इन स्थानों पर करें वाहनों की पार्किंग
खरीदारी के लिए आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करना होगा। इसके लिए पांच स्थान तय किए गए हैं।
* मल्टीलेवल पार्किंग, जलकल गोलघर।
* सिनेमा रोड पर यूनाइटेड टाकीज के सामने।
* कचहरी टाउनहाल का मैदान।
* कचहरी क्लब पार्किंग।
* संबंधित माल और प्रतिष्ठान की पार्किंग।
