गोरखपुर: श्रीमद्भागवत कथा में मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, ‘नंद के आनंद भयो’ भजन पर झूमे श्रद्धालु

IMG_20261115_023527

Estimated reading time: 1 minute

सत्कर्म और हरि स्मरण से ही पापों से मिलती है मुक्ति : अमन शास्त्री

(जगदीशपुर),गोरखपुर। कस्बे में श्री त्रिदेवा धाम मंदिर के बगल में स्थित सुभाष चंद्र जायसवाल के निज निवास पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन रविवार को भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। बाल व्यास अमन शास्त्री ने भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति, भगवान श्रीराम के अवतार और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भावपूर्ण वर्णन किया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आते ही पूरा कथा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भजनों पर झूमने लगे।

कथाव्यास अमन शास्त्री ने कहा कि मनुष्य का वास्तविक कल्याण सत्कर्म, सच्ची भक्ति और भगवान के निरंतर स्मरण से ही संभव है। पाप कर्मों से नरक और पुण्य कर्मों से स्वर्ग की प्राप्ति होती है, लेकिन भगवान नारायण की प्राप्ति के लिए निष्काम भक्ति आवश्यक है। जब मनुष्य निष्काम भाव से सत्कर्म करता है और श्रद्धापूर्वक हरि का स्मरण करता है, तभी वह पाप-पुण्य के बंधनों से मुक्त होकर प्रभु की कृपा का पात्र बनता है।

श्रीमद्भागवत महापुराण के नवम स्कंध का उल्लेख करते हुए उन्होंने सूर्यवंश और चंद्रवंश की महिमा बताई। कहा कि सूर्यवंश में भगवान श्रीराम और चंद्रवंश में भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार लेकर धर्म की स्थापना और भक्तों के कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।

इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की कथा शुरू हुई। जन्म की घोषणा होते ही ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से पंडाल गूंज उठा। कथा आयोजक सुभाष चंद्र जायसवाल अपनी पत्नी मंजू देवी जायसवाल के साथ भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को टोकरी में लेकर पहुंचे। बाल गोपाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह दिखा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं और भजनों पर झूमते हुए अपनी श्रद्धा प्रकट की।

इस दौरान मधुर भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन में श्रद्धालुओं को जलपान एवं भोजन कराया गया तथा प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply