अखिलेश यादव का गोरखपुर दौरा: चौरी चौरा में रोड शो और जनसभा, तिवारी हाता में भीष्म शंकर और विनय तिवारी से करेंगे मुलाकात

IMG-20261117-WA0050

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर में 20 किमी के पीडीए रथ से शक्ति प्रदर्शन की तैयारी, भीष्म शंकर तिवारी, कुशल तिवारी और विनय शंकर तिवारी से भी करेंगे भेंट; 2027 के चुनाव से पहले बढ़ेगी राजनीतिक हलचल


☕ राम प्रताप विश्वकर्मा, चाय पंचायत
।

गोरखपुर। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर में अपनी राजनीतिक सक्रियता का संदेश देंगे। चौरी चौरा में रोड शो और जनसभा के जरिए कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के साथ ही वह तिवारी हाता भी जाएंगे। यहां पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी, पूर्व सांसद कुशल तिवारी और चिल्लूपार के पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से मुलाकात करेंगे। उनके इस दौरे में जहां सड़क पर सपा की संगठनात्मक ताकत दिखाने की तैयारी है, वहीं तिवारी हाता की मुलाकात भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अखिलेश यादव के आगमन को लेकर मंगलवार को पूरे दिन सपा के नेता और कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे रहे। एयरपोर्ट से लेकर चौरी चौरा के देवकहिया गांव स्थित कार्यक्रम स्थल तक स्वागत की व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यकर्ताओं को विधानसभा क्षेत्रवार कार्यक्रम में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी की कोशिश है कि अखिलेश यादव के स्वागत में एयरपोर्ट से चौरी चौरा तक कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी दिखाई दे।

पीडीए रथ से 20 किलोमीटर का रोड शो

अखिलेश यादव एयरपोर्ट से पीडीए रथ पर सवार होकर चौरी चौरा के लिए रवाना होंगे। करीब 20 किलोमीटर की दूरी लगभग दो घंटे में तय करने का कार्यक्रम है। इस दौरान गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण होते हुए उनका काफिला चौरी चौरा पहुंचेगा। रास्ते में जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। अखिलेश रथ से ही लोगों का अभिवादन स्वीकार करेंगे।

पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी रोड शो को व्यवस्थित बनाने के साथ अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने में लगे हैं। गोरखपुर के अलावा आसपास के जिलों से भी कार्यकर्ताओं के पहुंचने की तैयारी है। चौरी चौरा में श्रद्धांजलि सभा और शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

तिवारी हाता की मुलाकात पर भी रहेगी नजर

चौरी चौरा का कार्यक्रम पूरा करने के बाद अखिलेश यादव तिवारी हाता जाएंगे। यहां उनकी मुलाकात पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी, पूर्व सांसद कुशल तिवारी और चिल्लूपार के पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से होगी। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले गोरखपुर में इन नेताओं से अखिलेश की मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

तिवारी हाता पूर्वांचल की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखता है। ऐसे में अखिलेश यादव का यहां पहुंचना और प्रमुख राजनीतिक परिवार के सदस्यों से मिलना उनके गोरखपुर दौरे को एक और राजनीतिक आयाम देता है। इस मुलाकात में क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, मुलाकात के एजेंडे को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

अजय सिंह टप्पू की सपा में एंट्री से चौरी चौरा पर नजर

अखिलेश यादव के दौरे में चौरी चौरा के अजय सिंह टप्पू का सपा में शामिल होना भी महत्वपूर्ण है। पिछले विधानसभा चुनाव में निर्दल प्रत्याशी के रूप में करीब 30 हजार वोट हासिल करने वाले अजय सिंह टप्पू की पार्टी में एंट्री से चौरी चौरा में सपा को स्थानीय स्तर पर एक नया चेहरा मिलेगा। उनके अपने समर्थक और क्षेत्र में राजनीतिक पहचान पार्टी के लिए उपयोगी हो सकती है।

चौरी चौरा में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद के छोटे बेटे ई. सरवन निषाद विधायक हैं। वह भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। ऐसे में अजय सिंह टप्पू को साथ लाकर सपा इस क्षेत्र में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज करने की तैयारी में है। उनके पिछले चुनाव में मिले मतों को देखते हुए पार्टी को उम्मीद है कि वह स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभा सकते हैं।

2027 के चुनाव से पहले गोरखपुर में सपा की सक्रियता

अखिलेश यादव का यह दौरा करीब ढाई साल बाद हो रहा है। इससे पहले वह 25 मई 2024 को लोकसभा चुनाव के दौरान गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में गोरखपुर आए थे। इस बार विधानसभा चुनाव से पहले उनका आगमन हो रहा है। सपा की नजर गोरखपुर और बस्ती मंडल की 41 विधानसभा सीटों पर है। ऐसे में चौरी चौरा का रोड शो, अजय सिंह टप्पू की पार्टी में एंट्री और तिवारी हाता में प्रमुख नेताओं से मुलाकात को आगामी चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply