गोरखपुर में ट्रक की टक्कर से 60 वर्षीय हथिनी कुसुमकली की मौत, दो महावत घायल

Screenshot_20261121_225413

Estimated reading time: 1 minute

तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से छह दशक पुराना साथ छूटा, कुसुमकली की मौत

गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर हादसा, दो महावत गंभीर; सीसी कैमरे में कैद हुई घटना, बाघागाड़ा के पास मिला ट्रक, चालक फरार

गोरखपुर। गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलीपार के हाटा गांव के पास शनिवार भोर में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से करीब 60 वर्षीय हथिनी कुसुमकली की मौत हो गई। हादसे में उस पर सवार दो महावत जफर और फैयाज गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी तेज थी कि हथिनी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर ट्रक की पहचान कर उसे बाघागाड़ा के पास से बरामद कर लिया है। हालांकि, चालक फरार है।

सेवई बाजार निवासी महावत जफर और फैयाज शनिवार सुबह हथिनी को लेकर टोल प्लाजा की ओर से गोरखपुर आ रहे थे। सुबह करीब पांच बजे हाटा गांव के पास ईंट-भट्ठे के सामने पीछे से आए ट्रक ने हथिनी को टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर पड़ी। उसके साथ सवार दोनों महावत भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची बेलीपार थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और हथिनी के स्वामी हरपुर बुदहट क्षेत्र के झकही गांव निवासी राघवेंद्र सिंह को घटना की जानकारी दी।

हथिनी का शव सड़क पर पड़ा होने से उसे हटाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। वन विभाग की टीम ने क्रेन मंगवाई। उसकी मदद से शव को उठाकर डंपर पर रखा गया। इसके बाद उसे विनोद वन ले जाया गया। इस दौरान वाराणसी से गोरखपुर आने वाली लेन पर करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि ट्रक बरामद कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। ट्रक कानपुर के नेवादा निवासी शैलजा सिंह का बताया जा रहा है।

चोट और अंदरूनी रक्तस्राव से गई जान

विनोद वन में हथिनी का पोस्टमार्टम चार पशु चिकित्सकों की टीम ने किया। टीम में चिड़ियाघर के उप निदेशक एवं पशु चिकित्साधिकारी डा. योगेश प्रताप सिंह, पिपरौली के पशु चिकित्साधिकारी डा. बीके सिंह, खोराबार के पशु चिकित्साधिकारी डा. सुबोध कुमार सिंह और जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र के डा. दुर्गेश नंदन शामिल रहे। पोस्टमार्टम में तेज चोट के कारण शरीर के अंदर रक्तस्राव होने की पुष्टि हुई। चिकित्सकों के अनुसार, यही उसकी मौत का कारण बना। पोस्टमार्टम के बाद विनोद वन परिसर में गड्ढा खोदकर हथिनी को दफना दिया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। डीएफओ शुभम सिंह ने बताया कि हथिनी की उम्र लगभग 60 वर्ष थी।

तीन गांवों के परिवारों से जुड़ी थीं कुसुमकली की यादें

कुसुमकली की मौत से उसके संरक्षण से जुड़े परिवारों में शोक है। वह करीब छह दशक से एक परिवार ही नहीं, बल्कि तीन गांवों के लोगों के जीवन का हिस्सा थी। हथिनी के स्वामी राघवेंद्र सिंह के अनुसार, उनके पूर्वज करीब 60 वर्ष पहले खजनी क्षेत्र के रामपुर महंथ गांव से उसे खरीदकर लाए थे। इसके बाद से ही उसकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी परिवार तथा पट्टीदारी के लोगों के बीच रही।


ग्राम पंचायत खजुरी निवासी स्वर्गीय हरिहर सिंह, छपिया निवासी स्वर्गीय संत बख्श सिंह और झकही निवासी राघवेंद्र सिंह के परिवार ने अलग-अलग समय पर उसकी देखभाल की। मौजूदा समय में राघवेंद्र सिंह के भाई डा. हरिश्चंद्र सिंह के संरक्षण में कुसुमकली की देखरेख हो रही थी। परिवार के बुजुर्गों से लेकर नई पीढ़ी तक के लोग उससे परिचित थे। उसके खानपान और रहन-सहन का विशेष ध्यान रखा जाता था। छह दशक तक परिवारों के साथ रही कुसुमकली की अचानक मौत ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply