Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। बीमार मां का उपचार कराकर बाइक से लौट रहे दो सगे भाइयों की शनिवार की रात में आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। उनकी मां गंभीर रूप से झुलस गई। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से घर में कोहराम मचा है। पूरे गांव में मातम का माहौल है। घटना की सूचना पाकर विधायक महेंद्र पाल सिंह गांव में पहुंचे। गहरा दुख जताते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
पिपराइच थाना क्षेत्र के चिलबिलवा साहू टोला के स्व.छोटू प्रजापति के बेटे रामदयाल (38) और रामसकल( 32) अपनी मां बासमती देवी के इलाज के लिए शहर गए थे। शनिवार की रात बाइक से घर लौटते समय नैयापार में आकाशीय बिजली गिरने से झुलस गए। दोनों भाइयों रामदयाल और रामसकल की मौत हो गई, जबकि उनकी मां झुलस गई। रात 12 बजे उधर से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। दोनों भाई मजदूरी का करते थे। रामदयाल के परिवार में पत्नी शिवकुमारी देवी , दो बेटी पम्मी, आँचल और बेटा किशन है। रामसकल की पत्नी सीमा और बेटा आदर्श, दो बेटियों प्रिया और पल्लवी को छोड़ गए हैं। दोनों भाई अलग-अलग बाइक पर सवार थे।
![]()
घटना की सूचना पर पहुंचे विधायक, दी मदद
सूचना पाकर विधायक महेंद्र पाल सिंह रविवार को पीड़ित परिवारों से मिले। उन्होंने तत्काल पांच-पांच हजार रुपए की मदद दी। कहाकि मुख्यमंत्री प्राकृतिक आपदा, प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना और तहसील प्रशासन की तरफ से तीस-तीस हजार दिलाने का आश्वासन दिया। विधायक के साथ धर्मेंद्र सिंह सैंथवार, विधायक प्रतिनिधि अरविंद सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख आंनद शाही ,मुकेश मिश्रा, बलराम तिवारी सहित कई लोग मौजूद रहे।









