गोरखपुर। जिले में ब्लॉक प्रमुख की 20 सीटों में 14 पर भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। गुरुवार को नामांकन के दौरान गगहा से भाजपा के शिवाजी चंद, गोला से कुसमावती देवी, कैम्पियरगंज से अश्वनी जायसवाल, भरोहिया से डॉ. सुनीता सिंह, जंगल कौड़िया से बृजेश यादव, पाली से शशि प्रकाश सिंह, पिपराइच से जर्नादन जायसवाल, कौड़ीराम से नीता सिंह, सरदारनगर से शशिकला यादव, ब्रह्मपुर से सुमन यादव, पिपरौली ब्लाक से भाजपा समर्थित दिलीप कुमार यादव, चरगांवा से वंदना सिंह, भटहट से रेखा सिंह और खोराबार से शिव प्रसाद जायसवाल निर्विरोध निर्वाचित हो सकते हैं। शुक्रवार को नामांकन वापसी के दौरान कुछ अन्य ब्लाकों में भी दूसरे प्रत्याशियों को पर्चा उठाने से भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा सकते हैं।
यहां पड़ेंगे बीडीसी सदस्यों के वोट
बेलघाट, उरुवा, सहजनवां, खजनी और बड़हलगंज में दो या तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। शुक्रवार को नाम वापसी का दिन तय किया गया है। दोपहर तीन बजे के बाद नामांकन वापसी होते ही विजयी प्रत्याशियों का नाम तय हो जाएगा। 10 जुलाई को मतदान के बाद नतीजे भी उसी दिन आ जाएंगे।
खोराबार में सपाइयों पर मुकदमा दर्ज
नामांकन न करने देने का आरोप लगाकर सपा नेताओं ने खोराबार में बवाल किया। देवरिया रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। पुलिस ने लाठी चलाकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को भगाया। इस मामले में सपा के पूर्व ब्लाक प्रमुख शैलेष यादव, दुर्गेश यादव, दिनेश यादव सहित 150 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर चरगांवा ब्लाक पर दो पक्षों के बीच बवाल हुआ। इस दौरान पथराव में कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस और पीएसी बल तैनात रही सपा ने आरोप लगाया कि पुलिस के बल पर नामांकन नहीं दाखिल करने दिया गया सपा का आरोप है कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख शैलेश यादव को नामांकन नहीं करने दिया गया।
