सीएम योगी की सौगात: 25 से 40 मिनट का सफर अब महज 4-5 मिनट में, लोकार्पण के पहले दिन सुपरहिट हुआ 6 लेन फ्लाईओवर

Estimated reading time: 1 minute

15 दिन में गोरखपुर को मिली 1753 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं, सड़क, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को नई गति

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महज 15 दिनों के भीतर दो दौरों में गोरखपुर को 1753 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देकर शहर के विकास को नई रफ्तार दी है। 11 जुलाई को 758 करोड़ रुपये और 23 जुलाई को 995 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं में सड़क संपर्क, यातायात व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी शिक्षा के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है।

इन विकास कार्यों का सबसे बड़ा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर दिखने लगा है। वर्षों से जाम से जूझ रहे पैडलेगंज-टीपीनगर मार्ग पर अब 25 से 40 मिनट का सफर महज 4-5 मिनट में पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित जिले के पहले 6 लेन फ्लाईओवर ने शहर की रफ्तार बदल दी है।
सड़क नेटवर्क को मिली नई मजबूती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार गोरखपुर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। दोनों दौरों में सड़क और यातायात परियोजनाएं प्रमुख रहीं।
11 जुलाई को मुख्यमंत्री ने करीब 690 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 11.60 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का लोकार्पण किया। वहीं 23 जुलाई को 429.49 करोड़ रुपये की लागत से बने 2.6 किलोमीटर लंबे जिले के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर और 278 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पैडलेगंज चौक से फिराक गोरखपुरी चौक तक फोरलेन मार्ग को जनता को समर्पित किया।
इसके अलावा नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट मार्ग पर अंडरपास और सर्विस रोड निर्माण की आधारशिला रखी गई, जिससे भविष्य में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए बेहतर व्यवस्था तैयार की जा सकेगी।
फ्लाईओवर ने बदली शहर की रफ्तार
गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर के शुरू होने से लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिली है। फ्लाईओवर पर निर्धारित 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने पर पैडलेगंज से टीपीनगर तक 2.6 किलोमीटर की दूरी महज 4 मिनट 8 सेकंड में पूरी हो गई।
लोकार्पण से पहले इसी मार्ग पर भारी यातायात दबाव के कारण लोगों को 25 से 40 मिनट तक जाम में फंसना पड़ता था। अब आवागमन आसान होने से समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। साथ ही प्रदूषण में भी कमी आएगी और शहर की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
पूर्वांचल और पड़ोसी राज्यों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
सिक्सलेन फ्लाईओवर से गोरखपुर की अंतरजनपदीय कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिली है। संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, बिहार और नेपाल की ओर जाने वाले यात्रियों को अब अधिक सुगम और तेज यात्रा का लाभ मिलेगा।
वहीं पैडलेगंज चौक से फिराक गोरखपुरी चौक तक फोरलेन सड़क बनने से शहर के अंदर यातायात व्यवस्था भी बेहतर हुई है।
लोगों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
फ्लाईओवर के लोकार्पण के बाद वहां से गुजरने वाले लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। लोगों का कहना था कि जिस मार्ग पर वर्षों से जाम की समस्या बनी रहती थी, वहां अब कुछ ही मिनटों में सफर पूरा हो रहा है। इससे रोजाना हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण और तकनीकी शिक्षा को भी मिली गति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क परियोजनाओं के साथ सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र को भी प्राथमिकता दी है। कामकाजी महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास का शिलान्यास किया गया। इससे रोजगार के लिए शहर आने वाली महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिल सकेगा।
इसके अलावा राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और अन्य आधुनिक तकनीकों से जुड़ी प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। इससे छात्राओं को रोजगारपरक और अत्याधुनिक तकनीकी शिक्षा मिल सकेगी।
विकास की नई रफ्तार पर गोरखपुर
15 दिनों में 1753 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात से साफ है कि गोरखपुर को आधुनिक आधारभूत सुविधाओं, बेहतर सड़क नेटवर्क, तकनीकी शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। इन परियोजनाओं का लाभ आने वाले वर्षों में गोरखपुर के साथ पूरे पूर्वांचल को मिलेगा।

Leave a Reply