रेल परिवार की प्रतिभा को मिला मंच, अंतरमंडलीय टैलेंट हंट के विजेताओं को सम्मान

Estimated reading time: 0 minutes

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के अंतरमंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं टैलेंट हंट शो के ग्रैंड फिनाले में विभिन्न मंडलों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रेलवे प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने विजेता प्रतिभागियों और निर्णायक मंडल को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया। इसके बाद विजेता प्रतिभागियों ने गायन, नृत्य, कविता पाठ, वादन और मैजिक शो सहित विभिन्न विधाओं में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।


महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में इस तरह की अंतरमंडलीय प्रतियोगिता एक अभिनव पहल है, जो रेलकर्मियों और उनके बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने का प्रभावी मंच प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यालय और तीनों मंडलों के कलाकारों ने कला एवं संस्कृति का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया। उन्होंने अनावी शाह के गायन की विशेष सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में पहली बार विभिन्न आयु वर्गों के बच्चों के लिए इस प्रकार की अंतरमंडलीय प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इसका उद्देश्य रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों की रचनात्मक प्रतिभाओं को सम्मानजनक मंच उपलब्ध कराना तथा रेल परिवार के बीच आपसी भाईचारे और जुड़ाव को मजबूत करना है।
ग्रैंड फिनाले में कविता पाठ, वादन, शास्त्रीय एवं सुगम गायन, लोक एवं शास्त्रीय नृत्य, समूह नृत्य तथा मैजिक शो की प्रस्तुतियां हुईं। समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (नरवो) की अध्यक्ष मीनाक्षी बोरवणकर, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन पदाधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आसिफ जहीर एवं रचना श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी गोपाल प्रसाद गुप्ता ने दिया।

Leave a Reply