पंत पार्क में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी का धरना, NEET पेपर लीक व छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में सौंपा ज्ञापन

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। नीट पेपर लीक मामले तथा दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पंत पार्क में धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
शनिवार सुबह संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गोरखपुर विश्वविद्यालय के सामने स्थित पंत पार्क में एकत्र हुए। यहां से जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकालने की योजना थी, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद जिलाध्यक्ष शशिभूषण शाका के नेतृत्व में कार्यकर्ता पार्क परिसर में धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान पंत पार्क और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। कैंट थाना इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम के अंत में एडिशनल सिटी मजिस्ट्रेट प्रेम नारायण प्रजापति और क्षेत्राधिकारी (कैंट) आभा सिंह ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। इसके बाद धरना शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।

Leave a Reply