Estimated reading time: 0 minutes
सीसीटीवी फुटेज में वर्दी पहने युवक बच्ची को बाइक से ले जाता दिखा, चिउटहा पुल के नीचे मिला शव; बर्खास्तगी की रिपोर्ट भेजी
गोरखपुर। जिला अस्पताल परिसर से 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने गोरखपुर में तैनात सिपाही अभिषेक यादव को गिरफ्तार किया है। गुरुवार सुबह चिउटहा पुल के नीचे बच्ची का शव बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं बढ़ा दी हैं। बच्ची के साथ दरिंदगी की आशंका जताई जा रही है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही होगी।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात बच्ची जिला अस्पताल से लापता हुई थी। परिजनों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पुलिस की वर्दी पहने एक युवक बच्ची को बाइक से ले जाता दिखाई दिया। जांच में युवक की पहचान गोरखपुर में तैनात सिपाही अभिषेक यादव के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि आरोपी घटना से इनकार कर रहा है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। गुरुवार सुबह बच्ची का शव मिलने के बाद मुकदमे में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गईं।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि बच्ची को दुर्भावना से अगवा किया गया था। आरोपी सिपाही अभिषेक यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपी को सेवा से बर्खास्त करने के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दरिंदगी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
