धन के दुरुपयोग की शिकायत पर रुद्रापुर में जांच, ग्रामीणों ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल

Estimated reading time: 0 minutes

गोरखपुर। चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र की ग्रामसभा रुद्रापुर में विकास कार्यों के लिए मिली ग्रांट के धन के कथित दुरुपयोग की शिकायत पर गठित जांच टीम ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान ग्रामीणों ने नाली और सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कई अनियमितताओं की शिकायत की।
ग्रामीणों का कहना था कि ग्रामसभा में कराए गए नाली और सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हुए। आरोप है कि निर्माण के एक माह के भीतर ही कई स्थानों पर सड़क और नालियां क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, नालियों के निर्माण के बावजूद जल निकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि ग्रामीणों की शिकायत पर चौरीचौरा के विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने शासन को पत्र भेजकर ग्रामसभा में कराए गए विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की थी। शासन के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी और डीआरडीए के सहायक अभियंता कमलेश कुमार पांडेय जांच के लिए गांव पहुंचे।
जांच अधिकारियों ने ग्रामसभा में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी शिकायतें दर्ज कीं। अधिकारियों ने संबंधित बिंदुओं की जांच कर रिपोर्ट शासन को भेजने की बात कही। जांच के बाद आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।

Leave a Reply