42 विधानसभा सीटों पर चुनावी दावेदारी करेगी सुभासपा, भाजपा की पांच सीटें भी निशाने पर

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर ने शुक्रवार को गोरखपुर में आयोजित युवा भविष्य सम्मेलन में घोषणा की कि सुभासपा प्रदेश की 42 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इनमें विपक्षी दलों के कब्जे वाली 37 सीटों के साथ भाजपा की जीती हुई पांच सीटें भी शामिल हैं।
देवरिया बाईपास स्थित एक निजी विद्यालय में सुभासपा की युवा शाखा की ओर से आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए अरविंद राजभर ने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को तेज करने में जुटी है। उन्होंने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश की 29 सीटों पर सुभासपा चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पांच, मध्यांचल की दो तथा बुंदेलखंड की एक सीट पर भी पार्टी अपनी दावेदारी पेश करेगी।
उन्होंने बताया कि पूर्वांचल में देवरिया की एक, गोरखपुर की एक, महराजगंज की दो और कुशीनगर की दो सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। वहीं बस्ती की तीन, संतकबीरनगर की एक और सिद्धार्थनगर की दो सीटों पर भी सुभासपा प्रत्याशी उतारेगी।
सम्मेलन के दौरान अरविंद राजभर ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में सपा के साथ किया गया गठबंधन राजनीतिक दृष्टि से बड़ी भूल साबित हुआ। उनका आरोप था कि सुभासपा ने गठबंधन में सहयोगी की भूमिका निभाई, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनकी राजनीति से सुभासपा को नुकसान पहुंचा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने, गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी सक्रियता से जुटने का आह्वान किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply