Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल को समर्पित पूज्य चालिहो महोत्सव का शुभारंभ 16 जुलाई 2026, गुरुवार से जटाशंकर स्थित पूज्य माता साहिब आश्रम में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ होगा। महोत्सव का आयोजन पूज्य माता साहिब आश्रम परिवार, गोरखपुर की समस्त सिंधी पंचायतों एवं भक्तजन परिवारों के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
साईं रविदास सिंधी समाज के महामंत्री एवं समाजसेवी देवा केशवानी ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिन प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक पूज्य मुखी साहबजनों, विभिन्न सिंधी पंचायतों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में अखंड ज्योति प्रज्वलन और पवित्र कलश स्थापना की जाएगी। इसके बाद भगवान श्री झूलेलाल की आरती, अरदास एवं पल्लव के साथ चालिहो साहब के 40 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ होगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सायं 7 बजे से 8 बजे तक भगवान श्री झूलेलाल की आरती, भजन-कीर्तन, पंजड़ा, अरदास एवं पल्लव का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु विश्व कल्याण, सामाजिक सद्भाव, सुख-समृद्धि तथा परिवार की मंगलकामना के लिए भगवान झूलेलाल से प्रार्थना करेंगे।
देवा केशवानी ने गोरखपुर की समस्त सिंधी संगत, सभी पंचायतों, सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालु परिवारों से 16 जुलाई को आयोजित अखंड ज्योति एवं कलश स्थापना कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होकर महोत्सव की भव्य शुरुआत के सहभागी बनने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पूज्य चालिहो महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सिंधी समाज की आस्था, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

