Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर दौरे में सोमवार और मंगलवार को देशभक्ति के साथ विकास की झलक दिखाई देगी। सोमवार को मुख्यमंत्री नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक निकलने वाली तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करेंगे। वहीं मंगलवार को ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण करेंगे।
सोमवार को तिरंगा यात्रा नगर निगम परिसर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर यात्रा का शुभारंभ करेंगे। यात्रा टाउनहॉल, गोलघर चौराहा, गणेश चौराहा, कालीमंदिर और यातायात तिराहा होते हुए रेलवे स्टेशन चौक पहुंचेगी। यहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के साथ यात्रा का समापन होगा। यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री नागरिकों से हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान करेंगे।
मंगलवार को मुख्यमंत्री गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण करेंगे। करीब दो किलोमीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर 69.58 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। सड़क के दोनों ओर ड्रेन का भी निर्माण कराया गया है।
इस सड़क के शुरू होने से ग्रीन सिटी और आसपास की कॉलोनियों में आवागमन सुगम होगा। साथ ही माधोपुर बंधा तक पहुंचने के लिए लोगों को बेहतर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। सोमवार को राष्ट्रभक्ति का संदेश और मंगलवार को विकास की सौगात, मुख्यमंत्री के दो दिवसीय दौरे को इसी क्रम में खास बना रही है।

