Estimated reading time: 0 minutes
गोरखपुर। रामगढ़ताल पुलिस और एंटीथेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने चोरी और नकबजनी के मामले में वांछित एक शातिर आरोपित को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी के आभूषण, 10 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपित के विरुद्ध गोरखपुर और संतकबीरनगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 25 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, रामगढ़ताल थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 417/2026 की जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक श्यामा नंद राय और एंटीथेफ्ट सेल प्रभारी निरीक्षक सुनील राय की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस मुठभेड़ के दौरान तुर्कमानपुर नई मस्जिद निवासी मो. शहजादे को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चार कंगन, एक अंगूठी, एक मंगलसूत्र और गले का हार बरामद किया। इसके अलावा चोरी के 10 हजार रुपये, एक मोटरसाइकिल, एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस मिला।
पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को पीड़ित ने तहरीर देकर बताया था कि वह अपने पैतृक गांव गया था। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और आलमारी में रखे आभूषण व नकदी गायब थे। इस मामले में रामगढ़ताल थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही थी।
पूछताछ में शहजादे ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी नियाज अहमद निवासी जमुनहिया बाग, शीशे वाली मस्जिद के पास, थाना गोरखनाथ और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार आरोपित को चोट लगने पर उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) भान्यसं की बढ़ोतरी की गई है। साथ ही एक अन्य अभियोग भी पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ वर्ष 2015 से अब तक गोरखपुर और संतकबीरनगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित कुल 25 मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक श्यामा नंद राय, एंटीथेफ्ट सेल प्रभारी निरीक्षक सुनील राय, उपनिरीक्षक अभिनव श्रीवास्तव, रजनीश द्विवेदी, अंकुर सिंह, कुश कुमार राय, रूपनारायण सिंह समेत रामगढ़ताल थाना और एंटीथेफ्ट सेल के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

