Estimated reading time: 1 minute
जालसाजों ने परिचितों से रुपये मांगने की कोशिश की, विधायक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों को किया सतर्क
गोरखपुर। पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेंद्र पाल सिंह साइबर जालसाजों के निशाने पर आ गए। जालसाजों ने पहले लखनऊ विधानसभा से पार्सल भेजने का झांसा दिया और इसी बहाने विधायक के मोबाइल फोन को हैक कर लिया। इसके बाद उनके मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट के जरिये संपर्क में रहने वाले लोगों से रुपये मांगने की कोशिश की गई। मामला सामने आने के बाद विधायक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
विधायक ने बताया कि उनका मोबाइल फोन हैक हो गया है। उन्होंने लोगों से स्पष्ट कहा है कि उनके नंबर या सोशल मीडिया अकाउंट से यदि किसी तरह के रुपये के लेन-देन, ट्रांजेक्शन या आर्थिक मदद की मांग की जाती है तो उस पर भरोसा न करें। किसी भी सूरत में भुगतान न करें।
बताया जा रहा है कि जालसाजों ने लखनऊ विधानसभा से पार्सल भेजे जाने की बात कहकर विधायक से संपर्क किया था। इसी दौरान साइबर जालसाजों ने उन्हें अपने जाल में फंसाया और मोबाइल तक पहुंच बना ली। इसके बाद विधायक के परिचितों और संपर्क में रहने वाले लोगों को संदेश भेजकर आर्थिक मदद के नाम पर रुपये मांगने की कोशिश की गई।
मोबाइल हैक होने की जानकारी सामने आते ही विधायक की ओर से अपने संपर्क में रहने वाले लोगों को सावधान किया गया। सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से भी लोगों से अपील की गई कि विधायक के नाम से आने वाले किसी भी संदेश, फोन या रुपये की मांग पर तत्काल भरोसा न करें।
पुष्टि के बाद ही करें कोई लेन-देन
विधायक ने लोगों से कहा है कि उनके नाम या नंबर से आर्थिक मदद मांगने वाला कोई संदेश मिले तो पहले उसकी पुष्टि करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या खाते में रकम भेजने से बचें। साइबर जालसाजों द्वारा विधायक की पहचान का इस्तेमाल कर किसी को आर्थिक नुकसान न पहुंचाया जा सके, इसके लिए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

