Estimated reading time: 1 minute
वाराणसी से गोरखपुर आ रही काशी डिपो की बस हादसे का शिकार, 37 यात्री थे सवार; टक्कर में अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
गोरखपुर। गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाघागाड़ा के पास गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से गोरखपुर आ रही काशी डिपो की रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रॉलर में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक दयाशंकर यादव की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। बस में कुल 37 यात्री सवार थे।
हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंच गया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में भेजा गया। घायलों में कई यात्रियों के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गंभीर रूप से घायल बस चालक दयाशंकर यादव निवासी वाराणसी को भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और स्वजन को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में बस के ट्रॉलर में पीछे से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रॉलर को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।

