Estimated reading time: 1 minute
गोरक्ष क्षेत्रीय बैठक में 12 जनपदों के पदाधिकारी जुटे, तीन सितंबर के लखनऊ महासम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प
गोरखपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की गोरक्ष क्षेत्रीय बैठक रविवार को सिविल लाइंस स्थित वैष्णवी लॉन में हुई। इसमें गोरक्ष क्षेत्र के 12 जनपदों से पहुंचे पदाधिकारियों और व्यापारियों ने संगठन को बाजार स्तर तक मजबूत करने तथा व्यापारी हितों की आवाज को और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। बैठक में तीन सितंबर को लखनऊ के डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय व्यापारी महासम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की रणनीति पर भी मंथन हुआ।
राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि पिछले 33 वर्षों से संगठन व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। व्यापारी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है। प्रत्येक बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान को संगठन से जोड़कर ही व्यापारियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान कराया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि तीन सितंबर का लखनऊ महासम्मेलन व्यापारिक हितों के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। प्रदेश के प्रत्येक जनपद से कम से कम 100 व्यापारियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। सम्मेलन में प्रदेश और केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि व्यापारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय और घोषणाएं कराई जा सकें।
संदीप बंसल ने बताया कि संगठन के प्रयासों से प्रत्येक जनपद में अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मासिक व्यापारी-पुलिस समन्वय बैठक की व्यवस्था लागू हुई है। इसमें व्यापारी सीधे अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखते हैं और उनके समयबद्ध समाधान के लिए कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने व्यापारी सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में संगठन की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि जीएसटी पंजीकृत व्यापारी की दुर्घटना में मृत्यु पर मिलने वाली आर्थिक सहायता को संगठन के प्रयासों से एक लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कराया गया। इससे प्रभावित व्यापारी परिवारों को आर्थिक सहारा मिला है।
मंडी समिति की ओर से छह जुलाई से लागू गेट पास और ट्रैकिंग व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों को परेशानी हो रही थी। संगठन द्वारा शासन के समक्ष मुद्दा उठाए जाने के बाद संबंधित मंत्री ने व्यवस्था वापस लेने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल ने कहा कि व्यापारी समाज की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। वहीं वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष उपेन्द्र नाथ त्रिपाठी ने बाजार स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
जिलाध्यक्ष आलोक चौरसिया ने कहा कि गोरखपुर के प्रत्येक बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान तक संगठन की पहुंच मजबूत की जाएगी। महानगर अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार शुक्ल ने कहा कि लखनऊ महासम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए महानगर के सभी बाजारों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। महानगर महामंत्री डॉ. भोलेन्द्र नारायण दूबे ने संगठन को व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की सशक्त आवाज बताया।
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बलराम अग्रवाल, संरक्षक योगेंद्र नाथ दूबे, युवा जिलाध्यक्ष अब्दुल मेराज खान, अशोक सिंह, रोहित सर्राफ, रामसेवक सर्राफ, विक्की कुकरेजा, सचिन्द्र नाथ पांडेय, संजय मिश्र, अमित शिवाजी, शैलेंद्र पटवा, अनिल पटवा, मनोज पटवा, विनोद चौधरी, राजीव पांडेय, नम्रता श्रीवास्तव, अनुराधा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में गोरखपुर महानगर इकाई ने राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष उपेन्द्र नाथ त्रिपाठी, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अतुल गुप्ता और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा अनीता जायसवाल समेत अतिथियों का माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
बैठक के अंत में गोरक्ष क्षेत्र के सभी जनपदों में एक माह तक व्यापारी जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाने और तीन सितंबर के लखनऊ महासम्मेलन में अधिकाधिक व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

