गणेश उत्सव को लेकर गोरखपुर में अलर्ट, डीएम ने दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश

Estimated reading time: 1 minute

मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोर तैनात करने के निर्देश, पंडालों में सीसीटीवी लगाने की अपील

गोरखपुर। गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि डीजे के स्पीकर वाहन से बाहर नहीं होने चाहिए। मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटनाहो।  जिलाधिकारी बुधवार को पुलिस लाइन में गणेश उत्सव पर्व को लेकर आयोजित शांति एवं सद्भावना समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजकों से समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराएं।

डीएम ने मूर्ति आयोजकों से अपील की कि प्रतिमाओं का आकार निर्धारित मानकों के अनुरूप रखा जाए। जुलूस के दौरान प्रतिमा बिजली के तारों से न टकराए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने गणेश पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की भी अपील की, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे।

उन्होंने नगर निकाय और संबंधित विभागों को पूजा स्थलों तथा जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। विद्युत और जलापूर्ति निर्बाध बनाए रखने के साथ ही जर्जर व ढीले तारों तथा क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने को कहा। सड़कों को गड्ढामुक्त करने के भी निर्देश दिए गए।

सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ ने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह तत्पर है। त्योहार के दौरान सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो दस्ता सक्रिय रहेगा। महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों और आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दें, ताकि उसका त्वरित समाधान कराया जा सके।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, शांति समिति के सदस्य, डीजे संचालक और गणेश उत्सव के आयोजक उपस्थित रहे।

Leave a Reply