नेपाल की बाढ़ के पानी में मिली अज्ञात मछलियों से रहें सावधान, जांच पूरी होने तक सेवन न करें

Estimated reading time: 1 minute

गोरखपुर। नेपाल में आई बाढ़ के बाद गंडक नदी सहित विभिन्न नदियों में आए पानी के साथ कुछ क्षेत्रों में अज्ञात और असामान्य मछलियां मिलने की सूचना है। इसे लेकर मत्स्य विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग के अनुसार इन मछलियों में गूंच/गोइता कैटफिश जैसी प्रजाति होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इनकी वैज्ञानिक पहचान के लिए विशेषज्ञों की जांच जारी है।
उप निदेशक मत्स्य, गोरखपुर मंडल बृजेश कुमार की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि गूंच मछली अपने आप में जहरीली नहीं है। इसे नेपाल से आई कोई नई अथवा विदेशी मछली मानना भी उचित नहीं है। फिलहाल मुख्य चिंता बाढ़ के पानी के साथ आई अज्ञात मछलियों की खाद्य सुरक्षा को लेकर है।
विभाग के मुताबिक बाढ़ के दौरान मछलियां दूषित पानी, सीवेज, मृत जीवों और अन्य प्रदूषकों के संपर्क में आ सकती हैं। ऐसे में इन मछलियों की पहचान और खाद्य-सुरक्षा जांच पूरी होने तक इनके सेवन से बचना जरूरी है।
मत्स्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ के पानी से पकड़ी गई अज्ञात या असामान्य मछलियों की खरीद, बिक्री और सेवन न करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर भी विश्वास न करने को कहा गया है।
विभाग की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यक वैज्ञानिक जांच और खाद्य-सुरक्षा आकलन के बाद ही मछलियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। विभाग ने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए लोगों से सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply