गोरखपुर में आठवां कल्याण मंडपम तैयार, जंगल नकहा में CM योगी बुधवार को करेंगे लोकार्पण

IMG 20260915 WA0030

Estimated reading time: 1 minute

3.09 करोड़ रुपये की लागत से बना कल्याण मंडपम, 300 लोगों के आयोजन की क्षमता; अल्प व मध्यम आय वर्ग को मिलेगी रियायती सुविधा

गोरखपुर। गोरखपुर में कल्याण मंडपम की श्रृंखला लगातार विस्तार ले रही है। वार्ड नंबर 54 उर्वरक नगर के जंगल नकहा नंबर दो में कल्याण मंडपम बनकर तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 सितंबर को इसका लोकार्पण करेंगे। 3.09 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दो तल के इस कल्याण मंडपम में करीब 300 लोगों के आयोजन की क्षमता है। इससे अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए रियायती दर पर सुविधा मिल सकेगी।

IMG 20260915 WA0029

2461 वर्गमीटर में बना कल्याण मंडपम

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, जंगल नकहा नंबर दो में 2461 वर्गमीटर भूमि पर कल्याण मंडपम का निर्माण कराया गया है। मुख्यमंत्री की विधायक निधि से उपलब्ध धनराशि से इसका निर्माण कराया गया है।

दो तल में बने इस भवन में बड़े हाल के साथ रसोई, स्टोर, कार्यालय और चेंज रूम की सुविधा है। दोनों तल पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। परिसर में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

परिसर में फव्वारे के साथ लॉन भी विकसित किया गया है। यहां विवाह समारोह के अलावा सामाजिक, सांस्कृतिक और सामूहिक आयोजन भी किए जा सकेंगे।

गोरखपुर में अब आठवां कल्याण मंडपम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना के अनुरूप गोरखपुर में वार्ड स्तर पर कल्याण मंडपम विकसित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों को महंगे मैरिज हाउस का बेहतर और किफायती विकल्प उपलब्ध कराना है।

गोरखपुर में अब तक सात कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है। इनमें खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव और बशारतपुर के कल्याण मंडपम शामिल हैं।

29 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बशारतपुर के कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया था। जंगल नकहा नंबर दो का मंडपम इस श्रृंखला का आठवां केंद्र होगा।

महादेव झारखंडी और सेमरा में भी निर्माण जारी

गोरखपुर विकास प्राधिकरण की ओर से दो और स्थानों पर कल्याण मंडपम का निर्माण कराया जा रहा है। वार्ड नंबर सात महादेव झारखंडी और वार्ड नंबर दो बाबा राघवदास नगर के सेमरा में इनका निर्माण हो रहा है।

दोनों कल्याण मंडपम के निर्माण पर करीब ढाई-ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनके तैयार होने के बाद शहर के अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी मांगलिक आयोजनों के लिए किफायती सुविधा उपलब्ध होगी।

आईएमए के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर दौरे के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गोरखपुर के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे। तारामंडल क्षेत्र स्थित आईएमए भवन में इस ब्लड सेंटर की स्थापना की गई है।

Leave a Reply