Estimated reading time: 1 minute
विज्ञान, कला और वाणिज्य के विद्यार्थियों को बताए गैर-पारंपरिक क्षेत्रों में अवसर
संतकबीरनगर। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 11 के विज्ञान, कला एवं वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन कार्यशाला आयोजित की गई। करियर काउंसलर पूर्णेन्दु शुक्ल ने विद्यार्थियों को बदलते करियर परिदृश्य और गैर-पारंपरिक क्षेत्रों में बढ़ते अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि करियर का चयन प्रचलन या पारिवारिक अपेक्षाओं के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता को समझकर करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी जैसे पारंपरिक विकल्पों के अलावा अब रोजगार और स्वरोजगार के कई नए क्षेत्र विकसित हुए हैं। विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को बायोटेक्नोलॉजी, फॉरेंसिक साइंस, पर्यावरण विज्ञान, डेटा साइंस, साइबर सुरक्षा, शोध और हेल्थकेयर के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।
वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों को बिजनेस एनालिटिक्स, फिनटेक, एक्चुरियल साइंस, निवेश प्रबंधन, उद्यमिता और कॉरपोरेट प्रबंधन के बारे में बताया गया। वहीं कला वर्ग के विद्यार्थियों को मनोविज्ञान, विधि, जनसंचार, लोकनीति, अंतरराष्ट्रीय संबंध, डिजाइन, डिजिटल मीडिया, भाषा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े विकल्पों से परिचित कराया गया।
पूर्णेन्दु शुक्ल ने कहा कि कला और वाणिज्य को विज्ञान की तुलना में कम संभावनाओं वाला मानना पुरानी सोच है। बदलती अर्थव्यवस्था ने सभी वर्गों के विद्यार्थियों के लिए अवसरों का दायरा बढ़ाया है।
विद्यार्थियों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश परीक्षाओं और संस्थानों को लेकर सवाल किए, जिनका विशेषज्ञ ने समाधान किया। प्रधानाचार्य श्रीकांत तिवारी ने कहा कि विद्यालय स्तर पर करियर के विविध विकल्पों की जानकारी मिलने से विद्यार्थी अपनी क्षमता पहचानकर भविष्य के लिए बेहतर निर्णय ले सकते हैं।
