Estimated reading time: 1 minute
कार्यक्रम, कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. भूपेश कुमार गोयल ने सेवा और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
गोरखपुर। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में गुरुवार को सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश 2100 दीपों के प्रकाश के साथ गूंजा। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम हुआ। विश्वविद्यालय के सभागार और परिसर स्थित मंदिर में श्रद्धा के साथ 2100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. भूपेश कुमार गोयल ने कहा कि दीप प्रज्ज्वलन केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को निरंतर प्रज्वलित रखने का संदेश भी देता है। उन्होंने युवाओं से सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
दीप प्रज्ज्वलन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। दीपों की श्रृंखला के माध्यम से सेवा, सद्भाव, सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य युवाओं में सेवा, अनुशासन, सामाजिक चेतना और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी भावना को व्यापक स्वरूप प्रदान करता है। युवा शक्ति समाज में सकारात्मक परिवर्तन की महत्वपूर्ण वाहक बन सकती है।
कार्यक्रम में उप कुलसचिव श्रीकांत, डॉ. धनंजय पांडेय, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक, लेफ्टिनेंट डॉ. संदीप कुमार श्रीवास्तव, एएनओ, एनसीसी, रवि निषाद, अनिल पटेल, डॉ. श्रद्धा सिंह, अभिनव सिंह राठौर, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवक, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों ने सेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के विकास में नागरिक सहभागिता के महत्व का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों, अधिकारियों, स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्ट : राम प्रताप विश्वकर्मा, चाय पंचायत

