Estimated reading time: 1 minute
तीन वर्ष का होगा कार्यकाल, रुहेलखंड विश्वविद्यालय के रह चुके हैं कुलपति
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के पूर्व कुलपति प्रो. कृष्ण पाल सिंह (केपी सिंह) को गोरखपुर विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है।
राजभवन की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रो. केपी सिंह का कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष का होगा। कुलाधिपति ने उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 12 की उपधारा-1 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है।
प्रो. कृष्ण पाल सिंह वर्तमान में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर, उत्तराखंड में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के कुलपति रह चुके हैं।
अनुभवी शिक्षाविद् के रूप में प्रो. सिंह की नियुक्ति से गोरखपुर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के साथ विश्वविद्यालय को स्थायी नेतृत्व मिलेगा और लंबे समय से चल रहा कुलपति पद का इंतजार समाप्त हो जाएगा।
