गोरखपुर में शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी 17 वर्षीय किशोरी, प्रेमी के आने पर उतरी मेटा विवरण: गोरख

IMG_20261012_143725

Estimated reading time: 0 minutes

तीन साल से गांव के युवक से थी दोस्ती, परिजनों के शादी के लिए तैयार नहीं होने पर उठाया कदम; सरहरी पुलिस ने सुरक्षित नीचे उतारा

चाय पंचायत, गोरखपुर। प्रेमी से शादी की जिद में एक बार फिर ऊंचे टावर पर चढ़ने का मामला सामने आया है। इस बार गुलरिहा थाना क्षेत्र के सरहरी चौकी अंतर्गत एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी सोमवार सुबह पड़ोसी गांव मंगलपुर के जगदीशपुर दक्षिणी टोला स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। खेतों की तरफ निकले ग्रामीणों ने किशोरी को टावर पर देखा तो इलाके में हलचल मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह प्रेमी के आने की शर्त पर अड़ी रही। आखिरकार युवक को मौके पर बुलाया गया। उसके समझाने पर किशोरी सुरक्षित नीचे उतर आई।
प्रेमी के आने की रखी शर्त, तब मानी बात
जानकारी के अनुसार, किशोरी की गांव के ही एक युवक से करीब तीन वर्ष से दोस्ती है। वह युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर सोमवार सुबह वह घर से निकली और पड़ोसी गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
टावर पर किशोरी को देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया और सरहरी चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उसे समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। हालांकि, किशोरी प्रेमी के आने से पहले नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने युवक को मौके पर बुलाया। प्रेमी के समझाने पर वह टावर से नीचे उतर गई।
पुलिस किशोरी और युवक को चौकी ले गई, जहां दोनों से पूछताछ की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गोरखपुर में प्रेमी से शादी की मांग को लेकर ऊंचे ढांचे पर चढ़ने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी जिले में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। अप्रैल 2026 में बेलीपार क्षेत्र में एक युवती प्रेमी से शादी की जिद में पानी की टंकी पर चढ़ गई थी। करीब दो घंटे की कोशिश के बाद वह नीचे उतरी। इसी महीने गोरखनाथ क्षेत्र में एक युवती यातायात पुलिस में तैनात दारोगा से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी।
दिसंबर 2025 में कैंपियरगंज क्षेत्र में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। वहां एक किशोरी प्रेमी से शादी की मांग करते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा था।

Leave a Reply