Estimated reading time: 1 minute
योगी आदित्यनाथ बोले- हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार कर समस्याओं का कराएं निस्तारण, जरूरतमंदों को इलाज के लिए मिलेगी आर्थिक सहायता; आयुष्मान कार्ड बनवाने के भी निर्देश
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पीड़ित की शिकायत का पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है। जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोरों को उजाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित एवं संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार प्रत्येक पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। किसी भी कारण से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित जरूरतमंद लोगों को चिह्नित कर उन्हें लाभान्वित किया जाए। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी के साथ अन्याय न हो।
जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
जनता दर्शन में जमीन पर कब्जे और संपत्ति विवाद से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों को बख्शा न जाए। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जमीन-जायदाद से जुड़े पारिवारिक विवादों का समाधान संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी संवाद के माध्यम से कराने का प्रयास किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में निष्पक्षता बरती जाए और हर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता, जरूरतमंदों के बनेंगे आयुष्मान कार्ड
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उपचार के लिए सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपचार संबंधी अनुमानित खर्च (एस्टीमेट) तैयार कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराकर प्रस्ताव शासन को भेजा जाए, जिससे सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई जल्द हो सके।
मुख्यमंत्री ने उपचार के लिए सहायता मांगने आए लोगों से आयुष्मान कार्ड के बारे में भी जानकारी ली। जिन जरूरतमंदों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं था, उनका कार्ड बनवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बच्चों को पढ़ाई के लिए किया प्रेरित, चॉकलेट देकर जताया स्नेह
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया।

गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में सीएम योगी ने की गोसेवा
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में अपनी परंपरागत दिनचर्या के तहत भ्रमण किया और गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश को दुलारा, उनके माथे पर हाथ फेरा और पीठ थपथपाई। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से गायों को रोटी और गुड़ खिलाकर गोसेवा की।
मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ आए बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को अपने पास बुलाकर उनसे आत्मीय संवाद किया, चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ने का आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।
