Estimated reading time: 1 minute
गोरखपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को पिपराइच विधानसभा क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। महराजगंज गांव के टोला जमीनारा स्थित श्रीरामजानकी मंदिर परिसर में विधायक महेन्द्र पाल सिंह ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। वहीं विकास खंड भटहट के करमौरा पंचायत भवन में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत लोगों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
मंदिर परिसर में आयोजित ‘सेवा-मेरा योगदान’ कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि “स्वच्छता भी सेवा है और सेवा भी साधना है।” आस्था के केंद्रों सहित सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से किए गए छोटे-छोटे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सशक्त समाज का आधार माना था। गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान के माध्यम से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
करमौरा पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता और सुरक्षित जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान बिगुल निषाद, अच्छेलाल, सुरेंद्र वर्मा, शैलेश, विक्रम, प्रहलाद और राजेंद्र को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भटहट राघवेंद्र प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष रामनरेश निषाद, प्रदीप यादव, पूर्व जिला मंत्री नरेंद्र सिंह, किसान मोर्चा जिला मंत्री अरविंद सिंह, मंडल उपाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह, ग्राम प्रधान अरविंद सिंह, जिला पंचायत सदस्य संगीता पासवान, अंबरीष शुक्ला, राकेश सिंह, मंडल महामंत्री विनोद राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
