सिंहोरवा में बढ़ा नदी का जलस्तर, विधायक सरवन निषाद ने उपलब्ध कराई इलेक्ट्रिक मोटर नाव

Estimated reading time: 1 minute

सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, बच्चों की पढ़ाई न रुके इसलिए उपलब्ध कराई इलेक्ट्रिक मोटर नाव

चौरी चौरा(गोरखपुर)। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिंहोरवा में नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से ग्रामीणों के आवागमन की समस्या गंभीर हो गई है। पानी बढ़ने के कारण कई स्थानों पर आवाजाही प्रभावित होने लगी है। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक ई. सरवन निषाद ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। ग्रामीणों ने बताया कि जलस्तर बढ़ने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। विद्यालय आने-जाने में उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। इस पर विधायक ने बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और उनका आवागमन सुरक्षित रहे, इसके लिए इलेक्ट्रिक मोटर नाव उपलब्ध कराई।
इलेक्ट्रिक मोटर नाव की सुविधा से स्कूली बच्चों के साथ ही ग्रामीणों को भी आवागमन में राहत मिलेगी। विधायक ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जलस्तर पर लगातार नजर रखने और प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जलस्तर में और वृद्धि होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। प्रभावित परिवारों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने अधिकारियों से जलस्तर की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी लेते हुए संबंधित टीमों को क्षेत्र में सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी न हो और बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
नदी का जलस्तर बढ़ने से सिंहोरवा क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ी है। हालांकि, इलेक्ट्रिक मोटर नाव उपलब्ध होने से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार संजय सिंह, एई दीन बंधु गुप्ता, ओमप्रकाश धर द्विवेदी, रामप्रीत यादव, राजकुमार गुप्ता, आलोक पटवा, सुग्रीव तिवारी, संदीप मिश्रा, रामप्रीत निषाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply