Estimated reading time: 1 minute
बड़े अस्पतालों में ऑपरेशन के लिए एक से दो महीने की मिल रही थी तारीख, महायोगी गुरु गोरखनाथ में वरिष्ठ कैंसर सर्जन ने टीम के साथ किया सफल ऑपरेशन
गोरखपुर। गंभीर बीमारी से जूझ रहे रोगी के लिए समय पर उपचार मिलना कितना महत्वपूर्ण है, इसका उदाहरण महराजगंज के 45 वर्षीय शैलेन्द्र सिंह के मामले में देखने को मिला। कैंसर से पीड़ित शैलेन्द्र को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर के बड़े अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़े। कई अस्पतालों में ऑपरेशन के लिए एक से दो महीने बाद की तारीख मिल रही थी। इस बीच महायोगी गुरु गोरखनाथ बालापार-सोनबरसा में वरिष्ठ कैंसर सर्जन डा. संजय माहेश्वरी ने अपनी टीम के साथ करीब साढ़े चार घंटे तक जटिल सर्जरी कर उनका सफल उपचार किया। ऑपरेशन के बाद रोगी की हालत में सुधार है और वह स्वस्थ हैं।
परिजन राहुल सिंह के अनुसार, शैलेन्द्र सिंह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। परिवार ने बेहतर उपचार की उम्मीद में गोरखपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), लखनऊ, दिल्ली और वाराणसी के कई बड़े अस्पतालों में परामर्श लिया। जांच और चिकित्सकीय परामर्श के बाद ऑपरेशन की आवश्यकता बताई गई, लेकिन वहां एक से दो महीने तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही थी। रोगी की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिवार के सामने समय पर सर्जरी कराना बड़ी चुनौती बन गया था।
इसी दौरान परिजनों को महायोगी गुरु गोरखनाथ बालापार-सोनबरसा में वरिष्ठ कैंसर सर्जन डा. संजय माहेश्वरी की उपलब्धता की जानकारी मिली। परिवार ने उनसे संपर्क कर रोगी की मेडिकल रिपोर्ट दिखाई। रिपोर्ट का अध्ययन करने और आवश्यक चिकित्सकीय तैयारी के बाद सर्जरी का निर्णय लिया गया। इसके बाद डा. माहेश्वरी ने अपनी टीम के साथ करीब साढ़े चार घंटे तक ऑपरेशन किया। जटिल सर्जरी सफल रही और ऑपरेशन के बाद रोगी की स्थिति में लगातार सुधार हुआ।
चार दशक से अधिक का अनुभव
डा. संजय माहेश्वरी मध्य प्रदेश के सतना स्थित बिरला ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चिकित्सा निदेशक हैं। उन्हें सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और मूत्र रोग चिकित्सा के क्षेत्र में चार दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने बड़े शहरों तक सीमित उन्नत चिकित्सा सुविधाओं को छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में भी काम किया है।
समय पर उपचार मिलने से परिवार को मिली राहत
सफल ऑपरेशन के बाद शैलेन्द्र सिंह के परिजनों ने राहत की सांस ली। राहुल सिंह ने चिकित्सक और उनकी पूरी टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि बड़े अस्पतालों में ऑपरेशन के लिए लंबी प्रतीक्षा के बीच यहां समय पर सर्जरी की सुविधा मिलना परिवार के लिए बड़ी राहत साबित हुआ। रोगी की हालत में सुधार से परिवार की चिंता भी दूर हुई है।
