विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना: 18 जुलाई तक करें आवेदन, प्रशिक्षण के बाद मिलेगा आधुनिक टूलकिट

Estimated reading time: 1 minute

Gorakhpur Breaking News गोरखपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए गोरखपुर जनपद में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के उपायुक्त उद्योग ने पारंपरिक कारीगरों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण, प्रशिक्षण अवधि का निर्धारित मानदेय तथा प्रशिक्षण पूर्ण होने पर संबंधित व्यवसाय के लिए आधुनिक तकनीक पर आधारित उन्नत टूलकिट उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि यह योजना शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पारंपरिक कारीगरों की आजीविका को मजबूत बनाने और उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़कर स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। इसके तहत दर्जी, नाई, बढ़ई, राजमिस्त्री, कुम्हार, लोहार, टोकरी बुनकर, सुनार, हलवाई, धोबी, मोची सहित अन्य अधिसूचित पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगर आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना आवश्यक है। योजना में किसी प्रकार की शैक्षिक योग्यता अनिवार्य नहीं है। एक परिवार (पति या पत्नी) से केवल एक सदस्य ही इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र होगा। आवेदक का संबंधित पारंपरिक व्यवसाय से जुड़ा होना अनिवार्य है।
उपायुक्त उद्योग ने स्पष्ट किया कि योजना में जाति पात्रता का एकमात्र आधार नहीं है। पारंपरिक कारीगर समुदाय से अलग किसी भी वर्ग का व्यक्ति, यदि संबंधित व्यवसाय से जुड़ा है, तो वह भी आवेदन कर सकता है। ऐसे आवेदकों को ग्राम प्रधान, नगर पंचायत अध्यक्ष अथवा नगर पालिका/नगर निगम द्वारा जारी व्यवसाय संबंधी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। हालांकि, हस्तशिल्पी पहचान-पत्र धारक परिवारों के सदस्यों को यह प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण-पत्र (जहां लागू हो), पासपोर्ट आकार का फोटो, शैक्षिक योग्यता संबंधी प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो) तथा मोबाइल नंबर सहित आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट https://diupmsme.upsdc.gov.in पर 18 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या होने पर आवेदक कार्यदिवस में उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, गोरखपुर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply