गोरखपुर के खजनी में 10 वर्षीय बालक की हत्या, पड़ोसी कारोबारी गिरफ्तार

Estimated reading time: 0 minutes

घर से 50 मीटर दूर बेसमेंट से मिला शव, अपहरण के बाद हत्या की आशंका

गोरखपुर। खजनी कस्बे में 10 वर्षीय बालक की अपहरण के बाद हत्या कर दिए जाने से सनसनी फैल गई। ज्वैलरी कारोबारी लक्ष्मी नारायण वर्मा के पौत्र वैभव वर्मा (10) का शव सोमवार देर रात घर से करीब 50 मीटर दूर पड़ोसी कपड़ा कारोबारी के मकान के बेसमेंट से बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी सर्वेश भट्ट को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने कस्बे में लगभग 4 घंटे तक प्रदर्शन किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि सोमवार को बालक के लापता होने की सूचना पर थाना खजनी में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को जांच में लगाया गया। जांच के दौरान पड़ोसी सर्वेश भट्ट पर संदेह होने पर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर मकान के बेसमेंट से बालक का शव बरामद कर लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
खजनी निवासी ज्वैलरी कारोबारी हनुमान वर्मा का पुत्र वैभव स्थानीय नोबल्स एकेडमी में कक्षा चार का छात्र था। वह सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल से घर लौटने के बाद साइकिल से खेलने निकला था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर के पीछे उसकी साइकिल और कुछ दूरी पर एक चप्पल मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
वैभव तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिजनों ने बताया कि उसकी मां श्वेता वर्मा का करीब डेढ़ माह पहले बीमारी से निधन हो गया था। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, जबकि कस्बे में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply