जिला अस्पताल से 10 वर्षीय बच्ची रहस्यमय ढंग से लापता, पुलिस की वर्दी पहने युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

Estimated reading time: 1 minute

39 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में बच्ची के साथ जाता दिखा संदिग्ध, कई टीमें तलाश में जुटीं

गोरखपुर। जिला अस्पताल से 10 वर्षीय बच्ची के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की वर्दी पहने एक बाइक सवार युवक बच्ची को घर छोड़ने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है और संदिग्ध की पहचान में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार मूल रूप से आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र का निवासी है और पिछले चार वर्षों से गोरखपुर में किराये के मकान में रह रहा है। बच्ची के पिता ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को उनकी 13 वर्षीय बड़ी बेटी की तबीयत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मंगलवार रात करीब 8:30 बजे 10 वर्षीय छोटी बेटी अपनी बड़ी बहन के लिए घर से खाना लेकर अस्पताल पहुंची। दोनों बहनों ने साथ बैठकर भोजन किया। इसके बाद रात करीब 10 बजे छोटी बहन घर लौटने के लिए अस्पताल से निकली, लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं पहुंची। चिंतित परिजनों ने पहले अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बुधवार दोपहर करीब तीन बजे कोतवाली थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अस्पताल में भर्ती बड़ी बहन ने बताया कि भोजन करने के दौरान पुलिस की वर्दी पहने एक युवक उनके पास आया था। उसने दोनों बहनों से घर का पता पूछा और कहा कि यदि किसी को घर जाना हो तो वह बाइक से छोड़ देगा। बड़ी बहन ने अस्पताल में भर्ती होने के कारण जाने से इन्कार कर दिया, जबकि छोटी बहन के घर जाने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद युवक लगातार छोटी बहन के आसपास मंडराता रहा और उसके अस्पताल से बाहर निकलते ही पीछे-पीछे चल दिया।
घटना का 39 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में बच्ची अस्पताल से पैदल बाहर निकलती दिखाई देती है। कुछ ही क्षण बाद पुलिस की वर्दी पहने बाइक सवार युवक उसके पास रुकता है, उससे बातचीत करता है और फिर बच्ची उसकी बाइक पर बैठ जाती है। इसके बाद दोनों अस्पताल परिसर से बाहर चले जाते हैं। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की जा रही है। बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं, परिजनों ने बच्ची को सकुशल बरामद कर आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply